अंतर्राष्ट्रीय

ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की तैयारी में इजरायल, अमेरिका की मंजूरी का इंतजार

 नई दिल्ली। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच तनाव और गहरा गया है। इजरायल ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की तैयारी कर रहा है, लेकिन इसके लिए वह अमेरिका की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। एक वरिष्ठ इजराइली रक्षा अधिकारी के मुताबिक, अगर ग्रीन सिग्नल मिलता है तो यह हमला अगले एक हफ्ते के भीतर हो सकता है।

यह तब जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा था कि ईरान के पास समझौता करने या होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं, वरना गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

होर्मुज स्ट्रेट बंद, वैश्विक ऊर्जा संकट गहराया

ईरान ने रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट को लगभग बंद कर दिया है, जहां से दुनिया का करीब 20% तेल और एलएनजी सप्लाई होती है। इसके चलते वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भारी दबाव बना हुआ है और तेल की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है।

ईरान के हमले तेज, खाड़ी देशों को भी निशाना

ईरान लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए इजरायल को निशाना बना रहा है। इसके साथ ही उसने अमेरिका के सहयोगी खाड़ी देशों में भी हमले किए हैं। ईरानी सरकारी टीवी के मुताबिक, यूएई में अमेरिकी रडार ठिकानों और एक एल्युमिनियम प्लांट पर ड्रोन हमले किए गए, जबकि कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य मुख्यालय को भी निशाना बनाया गया।

इसके अलावा ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक इजराल-समर्थित जहाज पर ड्रोन हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया।

अमेरिकी विमानों को नुकसान

युद्ध के बीच ईरान की एयर डिफेंस क्षमता भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने एक अमेरिकी F-15E फाइटर जेट को मार गिराया। पायलट को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं एक A-10 वॉर्थोग विमान भी कुवैत के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों पर भी ईरानी फायरिंग हुई, लेकिन वे सुरक्षित निकलने में सफल रहे।

ईरान का दावा- नई एयर डिफेंस प्रणाली से हमला

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने नई स्वदेशी एयर डिफेंस प्रणाली का इस्तेमाल कर अमेरिकी जेट, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को निशाना बनाया। ईरान का कहना है कि उसकी नई तकनीक दुश्मन के लिए बड़ा खतरा साबित होगी।

इजराइल पर मिसाइल हमले जारी

ईरान ने इजरायल के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इज़राइली मीडिया के मुताबिक, एक क्लस्टर मिसाइल के दो वारहेड तेल अवीव स्थित किरिया सैन्य मुख्यालय के पास गिरे। इज़राइली सेना ने भी शनिवार को ईरान से नए मिसाइल हमलों का पता लगाने की पुष्टि की है।

वैश्विक असर की आशंका

इस युद्ध में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अगर इज़राइल ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमला करता है, तो यह संघर्ष और व्यापक हो सकता है, जिसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button