अंतर्राष्ट्रीय

होर्मुज में अमरीकी जहाज पर Missile Attack, भडक़े ईरान ने तोड़ा संघर्ष विराम, ट्रंप ने खारिज किया दावा

ईरान, ईरान ने अमरीकी नौसेना के युद्धपोत पर मिसाइल हमले का दावा किया है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया है कि जास्क के पास अमरीकी नौसेना के जहाज पर दो मिसाइलें गिरी हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अमरीकी युद्धपोत ने रिव्योल्यूशनरी गार्ड की चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया था। इसके बाद यह माना जा रहा है कि अमरीका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम अब खत्म हो चुका है। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि अमरीका एक बार फिर ईरान पर हमले शुरू कर सकता है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही नौसेना को ईरानी युद्धपोतों पर हमले का आदेश जारी कर चुके हैं।

15 हजार सैनिक, डेस्ट्रॉयर और 100 विमान तैनात

यह कथित हमला तब हुआ, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमरीका सोमवार से ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू करेगा, जिसका मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को रास्ता दिखाना है। अमरीकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि वह इस कोशिश में 15,000 सैन्य कर्मियों, 100 से ज्यादा जमीन और समुद्र-आधारित विमानों, साथ ही जंगी जहाजों और ड्रोन के साथ मदद करेगा। हालांकि, ईरान ने धमकी दी है कि वह अमरीका को होर्मुज में किसी भी सैन्य अभियान की अनुमति नहीं देगा।

अमेरिकी नौसेना का होर्मुज में फंसे जहाजों को संदेश

अमरीका ने सोमवार को ईरान के प्रभाव वाले होर्मुज जलडमरूमध्य से फंसे हुए जहाजों को सुरक्षित रूप से मार्गदर्शन देने के प्रयास की शुरुआत की, ताकि क्षेत्र में जारी आर्थिक व्यवधान को कम किया जा सके। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक दिन पहले घोषित प्रोजेक्ट फ्रीडम के बाद ‘ज्वाइंट मैरीटाइम इन्फॉर्मेशन सेंटर’ ने बताया कि अमरीका ने मुख्य शिपिंग मार्गों के दक्षिण में एक उन्नत सुरक्षा क्षेत्र स्थापित किया है और समुद्री यात्रियों से ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय करने को कहा है। सेंटर ने चेतावनी दी कि सामान्य यातायात मार्ग के पास से गुजरना अत्यंत खतरनाक हो सकता है, क्योंकि वहां बारूदी सुरंगों की मौजूदगी की आशंका है।

अमरीका ने पाकिस्तान को सौंपे ईरानी जहाज के चालक दल के 22 सदस्य

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि अमरीका ने एक ईरानी कंटेनर जहाज पर पकड़े गए चालक दल के 22 सदस्यों को सुरक्षित पाकिस्तान पहुंचा दिया है, जिन्हें ईरानी अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। पाकिस्तान ने चालक दल की इस वापसी को तनाव कम करने की दिशा में अमरीका द्वारा उठाया गया एक ‘विश्वास बढ़ाने वाला कदम’ बताया है। ईरानी ध्वज वाला जहाज एम/वी टूसका, जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान शिङ्क्षपग लाइन्स (आईआरआईएसएल) का हिस्सा है, पिछले महीने ओमान की खाड़ी में अमरीकी सेना द्वारा जब्त कर लिया गया था। अमरीकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस जहाज ने बार-बार दी गई चेतावनियों के बावजूद नौसैनिक नाकाबंदी को तोडऩे की कोशिश की थी। अमरीकी सेना ने जहाज के इंजन रूम पर फायङ्क्षरग भी की थी। ईरान ने अमरीका की इस कार्रवाई की कड़ी ङ्क्षनदा की थी और इसे ‘समुद्री डकैती’ करार दिया था।

फ्रांस का प्रोजेक्ट फ्रीडम में शामिल होने से इनकार

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को कहा कि यूरोप अपना सिक्योरिटी सॉल्यूशन बना रहा है और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के ऑपरेशन में हिस्सा नहीं लेगा। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने इसे अस्पष्ट फ्रेमवर्क बताया और बातचीत के जरिए स्ट्रेट को फिर से खोलने की मांग दोहराई। इमैनुएल मैक्रों ने येरेवन, आर्मेनिया में सोमवार से शुरू हुई यूरोपीय पॉलिटिकल कम्युनिटी की आठवीं बैठक में कहा कि यूरोपीय संघ हमारे सिक्योरिटी सॉल्यूशन बना रहा है। यूरोपीय संघ अपनी किस्मत अपने हाथों में ले रहा है, रक्षा व सुरक्षा पर खर्च बढ़ा रहा है और कॉमन सॉल्यूशन बना रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button