खेल

IPL 2025 : रोहित का चला बल्ला… एलिमिनेटर में मुंबई ने गुजरात को दी 20 रनों से मात, अब पंजाब से होगा मुकाबला

मुल्लांपुर, 30 मई (भाषा)

IPL 2025 : बड़े मैचों का दबाव झेलने में माहिर मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो की आक्रामक पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस को आईपीएल एलिमिनेटर में 20 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बना ली। अब मुंबई का सामना रविवार को पंजाब किंग्स से होगा। जीतने वाली टीम 3 जून को अहमदाबाद में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से खेलेगी।

मुंबई ने रोहित (50 गेंद में 81) और बेयरस्टो (22 गेंद में 47) की पारियों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में आईपीएल के इस सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले साइ सुदर्शन के 49 गेंद में 80 रन के बावजूद गुजरात की टीम 6 विकेट पर 208 रन ही बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। गुजरात ने 16वें ओवर तक मैच अपनी जद से निकलने नहीं दिया। सुदर्शन के विकेट के बाद मुंबई ने शिकंजा कस लिया। जसप्रीत बुमराह ने अपने चिर परिचित यॉर्कर पर वॉशिंगटन सुंदर (24 गेंद में 48 रन) को बोल्ड किया। इसके बाद रिचर्ड ग्लीसन की गेंद पर स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में सुदर्शन चूके।

गुजरात को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिए थे। दो खब्बू बल्लेबाज राहुल तेवतिया और शेरफान रदरफोर्ड क्रीज पर थे। आखिरी ओवर में 24 रन की जरूरत थी और मुंबई के लिए इस मैच के जरिए पदार्पण करने वाले ग्लीसन ने 3 ही रन दिए। इससे पहले गुजरात की फील्डिंग भी बहुत ही लचर रही और उसने 3 अहम कैच टपकाए। इनमें से दो रोहित के और एक सूर्यकुमार यादव (20 गेंद में 33 रन) के थे। रोहित को पावरप्ले में दो जीवनदान मिले जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

पहले गेराल्ड कोएत्जी ने डीप में उनका कैच छोड़ा और फिर गुजरात के लिए पदार्पण करने वाले कुसल मेंडिस ने मोहम्मद सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे कैच टपकाया। बेयरस्टो (22 गेंद में 47 रन) ने पावरप्ले में आक्रामक खेलते हुए मुंबई को शानदार शुरूआत दी। इंग्लैंड टीम से बाहर इस बल्लेबाज ने हाल ही में यॉर्कशर के लिए काउंटी क्रिकेट में लगातार 2 अर्धशतक लगाए हैं।

पावरप्ले में स्पिनर साइ किशोर के आने पर रोहित ने भी हाथ खोलने शुरू किए। मुंबई के पूर्व कप्तान ने दो चौके और एक छक्का लगाकर टीम को छठे ओवर में बिना किसी नुकसान के 79 रन तक पहुंचाया। अधिकांश बल्लेबाज अफगानिस्तान के धुरंधर स्पिनर राशिद खान को संभलकर खेलते हैं। अपनी लय में आने पर रोहित ने उन्हें भी नहीं बख्शा और स्लॉग स्वीप पर छक्का जड़ दिया।

मुंबई का स्कोर 10 ओवर में एक विकेट पर 113 रन था। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार ने कोएत्जी का स्वागत दो छक्को के साथ किया। तिलक वर्मा ने भी 11 गेंद में 25 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के शामिल थे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 20वें ओवर में कोएत्जी को दो छक्के लगाकर मुंबई को 225 के पार पहुंचाया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button