व्यापार

मंदी के डर से मची भगदड़… एशिया, अमेरिका और यूरोप के स्टॉक मार्केट धड़ाम, शेयर बेचकर निकल रहे निवेशक

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत समेत दुनिया के कई देशों में लगाए गए टैरिफ का नकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भारत समेत दुनियाभर के शेयर मार्केट में गिरावट आई। टैरिफ के कारण निवेशकों को मंदी का आहट सुनाई देनी लगी है। इस कारण निवेशक शेयर बेचकर मार्केट से निकल रहे हैं।

दुनियाभर में मंदी की चिंता तब और बढ़ गई जब अमेरिकी स्टॉक मार्केट में साल 2020 के बाद सबसे बड़ी गिरावट आई। गुरुवार को अमेरिका का डाउ जॉन्स 2.76%, S&P 500 3.27% और नैस्डेक 3.61% गिर गए। S&P 500 में एक ही रात में 2.4 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हो गया। इससे दुनिया के दूसरे बड़े शेयर बाजार भी लाल निशान में चले गए। कई बड़ी-बड़ी कंपनियों के शेयर धड़ाम हो गए और उन्हें लाखों करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

एशियाई शेयर बाजार लुढ़के

ट्रंप के टैरिफ का असर शुक्रवार को भी भारत समेत एशियाई शेयर मार्केट में दिखाई दिया। सेंसेक्स में 930.67 अंकों की गिरावट आई। इस गिरावट के साथ यह 75,364.69 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 345.65 अंकों की गिरावट के साथ 22,904.45 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में गिरावट के कारण निवेशकों के 9.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

वहीं एशिया के दूसरे देशों जैसे चीन, जापान, हांगकांग, कोरिया आदि के मार्केट में भी गिरावट आई। जापान का निक्केई 3.4% गिर गया और यह COVID-19 के समय मार्च 2020 के बाद सबसे खराब हफ्ता साबित हो सकता है। हांगकांग के हेंग सेंग में 1.52% और चीन का शेनझेन 1.40% गिर गया।

यूरोप की मार्केट भी हुई क्रैश

यूरोप की शेयर मार्केट में भी ट्रंप के टैरिफ का असर देखा गया। यूके का FTSE इंडेक्स 3.51% गिर गया। वहीं फ्रांस के CAC इंडेक्स में 3.61% और जर्मनी के DAX इंडेक्स में 3.88% की गिरावट आई। यूरोप का STOXX 600 शुरुआती कारोबार में 3.2% गिर गया। गुरुवार को भी इसमें 2.6% की गिरावट आई थी।

कम हो रहा निवेशकों का भरोसा

शेयर मार्केट में अब निवेशकों का भरोसा कम हो रहा है। यही कारण है कि निवेशक अपने-अपने शेयर बेचकर निकल रहे हैं। वे सुरक्षित जगहों पर निवेश कर रहे हैं। अमेरिकी ट्रेजरी और सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे पता चलता है कि लोग रिस्क लेने से बच रहे हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button