नर्सिंग छात्रा की मौत मामले में जांच टीम गठित

बिलासपुर : बिलासपुर के निजी अस्पताल में नर्सिंग छात्रा की मौत का मामला गर्माते जा रहा है. निजी अस्पताल में छात्रा के थायरायड गांठ के ऑपरेशन के लिए उसे भर्ती किया था.लेकिन परिजनों का आरोप है कि एनस्थीसिया देने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ी और वो कोमा में चली गई. दो दिनों तक अस्पताल ने छात्रा को आईसीयू में रखा. इस दौरान छात्रा को होश नहीं आया और उसकी मौत हो गई.मौत होने के बाद छात्रा के परिजनों ने हंगामा किया.
जांच टीम का हुआ गठन : सीएमएचओ प्रमोद तिवारी के मुताबिक परिजनों ने शिकायत की.जिसके आधार पर जांच टीम का गठन किया गया है. नर्सिंग छात्रा किरण वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब चार विशेषज्ञों की टीम जांच कर रही है. एनेस्थेसिया, स्त्री रोग, नाक-कान-गला और नर्सिंग विभाग के विशेषज्ञों की टीम गठित की है. वहीं वीडियोग्राफी के साथ पीएम भी कराया गया.
विशेषज्ञों की टीम ने हॉस्पिटल प्रबंधन से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर सही जानकारी सामने आएगी- प्रमोद तिवारी, सीएमएचओ
परिजनों का आरोप है कि यूनिटी अस्पताल में इलाज में लापरवाही की बात सामने आ रही है. नर्सिंग छात्रा किरण वर्मा की गले में थायराइड गांठ की सर्जरी होनी थी इस दौरान अस्पताल में वो ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई. इलाज के पहले एनेस्थीसिया देते ही वह कोमा में चली गई. डॉक्टरों ने उसकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर दिया. इसके दो दिन बाद किरण की मौत हो गई थी.



