तकनीकी

International Women’s Day: महिलाओं को खतरे से बचाएंगे ये ऐप! स्‍मार्टफोन में कर लें डाउनलोड

जमाना बदल चुका है, लेकिन सोच अभी उस स्‍तर तक नहीं बदली है। महिलाएं आत्‍मनिर्भर बन रही हैं। वो कामकाज के लिए, पढ़ाई के लिए घरों से बाहर निकलकर अपना मुकाम तय कर रही हैं। इस राह में रोड़े अक्‍सर आते हैं, जब महिलाओं को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होना पड़ता है। टेक्‍नॉलजी इसमें मददगार की भूमिका निभा सकती है। आजकल हर हाथ में स्‍मार्टफोन है। और फोन में ऐसे ऐप्‍स महिलाओं को रखने चाहिए जो आपतकालीन स्थिति में उनकी मदद कर सकें। अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस पर आज कुछ ऐसे ऐप्‍स की बात, जो महिलाओं की सु‍रक्षा सुनिश्चित करने में भूमिका निभा सकते हैं।

मु‍श्किल वक्‍त में महिलाएं मांग पाएंगी हेल्‍प

वैसे तो महिलाओं की सेफ्टी में हेल्‍प करने के लिए कई ऐप्‍स मौजूद हैं। कुछ सरकारी ऐप भी हैं जैसे- हिम्‍मत प्‍लस। इसके अलावा, My Safetipin, Smart24x7, I Feel Safe और Kavalan SOS जैसे ऐप्‍स को महिलाओं के लिए मददगार कहा जा सकता है। इनकी मदद से महिलाएं मुश्किल वक्‍त में अपनी लोकेशन शेयर कर पाएंगी। पुलिस को खबर भेज पाएंगी और अपने लिए मदद मांग पाएंगी। तो सबसे पहले बात हिम्‍मत प्‍लस ऐप की।

दिल्‍ली पुलिस ने तैयार किया है Himmat Plus

कुछ साल पहले दिल्‍ली पुलिस ने सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए Himmat Plus ऐप तैयार किया। यह दिल्‍ली पुलिस का ऑफ‍िशियल ऐप भी है। ऐप की मदद से महिलाएं एसओएस अलर्ट भेज सकती हैं। वह अपनी लोकेशन शेयर कर सकती हैं और पुलिस से मदद की मांग कर सकती हैं। ऐप पर ऑडियो या वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है, जो दिल्‍ली पुलिस के कंट्रोल रूम में पहुंच जाता है। उसके फौरन बाद पुलिस एक्टिव हो जाती है और महिला की सेफ्टी के लिए कदम उठाती है। हमें प्‍ले स्‍टोर पर यह ऐप नहीं मिला, ऐप स्‍टोर पर मौजूद है। प्‍ले स्‍टोर से तत्‍पर ऐप को डाउनलोड किया जा सकता है, उसे भी दिल्‍ली पुलिस ने तैयार किया है।

कौन सा इलाका सेफ है, बताएगा My Safetipin

Safetipin एक सामाजिक ऑर्गनाइजेशन है। यह सरकार और अपने हितधारकों के साथ मिलकर काम करता है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके तहत My Safetipin ऐप को डेवलप किया गया है। यह ऐप किसी एरिया को सुरक्षा के मद्देनजर रेटिंग देता है। इलाके में रोशनी कैसी है। वहां भीड़ कितनी होती है, इस आधार पर रेटिंग दी जाती है। साथ ही महिलाओं को सेफ रास्‍तों के बारे में भी बताया जाता है। इस ऐप की मदद से महिलाएं तय कर सकती हैं कि उन्‍हें किसी एरिया तक पहुंचने के लिए किस रास्‍ते का इस्‍तेमाल करना चाहिए। यह ऐप गूगल प्‍ले स्‍टोर के अलावा ऐप स्‍टोर पर भी उपलब्‍ध है।

खतरे में होने पर पैन‍िक अलर्ट भेजता है Smart24x7

अगर आप दिल्‍ली से बाहर रहते हैं तो Smart24x7 ऐप को अपने फोन में इंस्‍टॉल कर सकते हैं। इस ऐप को कई राज्‍यों की पुलिस इस्‍तेमाल करती है। यह एक पर्सनल सेफ्टी ऐप है। ऐप अपने फोन में मौजूद कॉन्‍टैक्‍ट्स में से किसी एक को चुनता है, जिसे आप सिलेक्‍ट करते हैं। किसी भी आपात स्थिति में उस फोन नंबर तक एक पैनिक अलर्ट भेजा जाता है। ऐप की मदद से फोटो ली जा सकती है। आवाज रिकॉर्ड हो सकती है। पुलिस के साथ लोकेशन शेयर की जा सकती है। यह ऐप भी प्‍ले स्‍टोर और ऐप स्‍टोर पर उपलब्‍ध है। मोबाइल नंबर डालकर ऐप में रजिस्‍टर किया जा सकता है।

ऑफलाइन भी काम करता है I Feel Safe

ऐसी महिलाएं जो दूरदराज के एरिया में रहती हैं उनके लिए मददगार बन सकता है I Feel Safe ऐप। यह ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन भी काम करता है। इसकी मदद से एसओएस अलर्ट भेजा सकता है। आपकी लोकेशन शेयर हो सकती है, अगर आप मुसीबत में फंस जाते हैं। ऐसी महिलाएं जो अकेले ट्रैवल करती हैं, उन्‍हें इस ऐप को अपने फोन में रखना चाहिए। डाउनलोड करने के बाद ऐप के साथ खुद को रजिस्‍टर कराना होता है, तभी इसे इस्‍तेमाल किया जा सकता है। ये सभी ऐप सिर्फ आपकी हेल्‍प के लिए हैं। आपको खुद भी अलर्ट रहने की जरूरत है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button