इंग्लैंड के खिलाफ हैट्रिक का इरादा; पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज, यहां होगी टक्कर

हैदराबाद. भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। पहला टेस्ट मुकाबला आज (25 जनवरी) हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, उप्पल में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। दरअसल, इससे पहले भारतीय टीम ने अपने घर में इंग्लैंड को लगातार दो टेस्ट सीरीज में हराया है। यदि यह सीरीज जीतते हैं, तो हैट्रिक होगी। बता दें इंग्लैंड टीम को भारतीय जमीन पर टेस्ट सीरीज में पिछली जीत 2012-13 में मिली थी. यानी कि इंग्लिश टीम पिछले 11 सालों से भारत में कोई द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है।
इस बार बेन स्टोक्स की कप्तानी में अपने बैजबॉल गेम के दम पर इंग्लैंड टीम सीरीज जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगी। बता दें कि भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच अब तक 35 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली गई हैं। इस दौरान भारत ने 11 सीरीज जीतीं, जबकि 19 में उसे हार मिली है। 5 सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुईं। इंग्लैंड टीम का भारतीय जमीन पर बुरा हाल रहा है।
भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट : 25-29 जनवरी, हैदराबाद
दूसरा टेस्ट : 2-6 फरवरी, विशाखापट्टनम
तीसरा टेस्ट : 15-19 फरवरी, राजकोट
चौथा टेस्ट : 23-27 फरवरी, रांची
पांचवां टेस्ट : 7-11 मार्च, धर्मशाला
दो टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), धु्रव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), आवेश खान
इंग्लैंड का स्क्वॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, शोएब बशीर, डैन लॉरेंस, जैक क्राउली, बेन डकेट, बेन फोक्स, टॉम हार्टली, जैक लीच, ओली पोप, ओलीरोबिंसन, जो रूट, मार्क वुड



