मध्यप्रदेश

सिवनी में रेत खदान के वर्चस्व को लेकर ठेकेदारों में फायरिंग, चपेट में आया निर्दोष युवक, नागपुर रेफर

सिवनीः जिले के उगली थाना क्षेत्र के इमलीटोला में बुधवार की दोपहर रेत खदान को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। दो गुटों के बीच फायरिंग की चपेट में एक स्थानीय निर्दोष युवक विकास पटले आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

फायरिंग के बीच फंसा निर्दोष युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार विकास पटले का विवाद से कोई संबंध नहीं था। वह पास ही मौजूद था। तभी अचानक चली गोली उसे लग गई। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

नाजुक स्थिति में नागपुर रेफर

घायल युवक को ग्रामीणों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल सिवनी ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली शरीर के बेहद संवेदनशील हिस्से के पास लगी है और उसकी हालत चिंताजनक है। देर रात उसे नागपुर रेफर किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रेत खदान पर कब्जे की लड़ाई बनी वजह

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इमलीटोला में नई रेत खदान शुरू होने को लेकर दो ठेकेदारों के गुटों में कई दिनों से तनातनी चल रही थी। बुधवार को दोनों पक्ष मौके पर पहुंचे और कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। किसने पहले गोली चलाई, यह अब तक स्पष्ट नहीं है।

पुलिस की तुरंत कार्रवाई

घटना की खबर मिलते ही ऊगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को काबू में किया गया। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी सदानंद गोदेवार ने बताया कि मौके से कुछ संदिग्ध वाहन और रेत खदान से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस हथियार की पहचान और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।

लाके में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

फायरिंग की सूचना फैलते ही इमलीटोला और आसपास के गांवों में तनाव फैल गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत माफिया पर सख्त कार्रवाई हो और क्षेत्र में चल रही अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button