व्यापार

औद्योगिक उत्पादन वृद्धि मई में नौ महीने के निचले स्तर 1.2 प्रतिशत पर

नई दिल्लीः विनिर्माण, खनन और बिजली क्षेत्रों के कमजोर प्रदर्शन से देश में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि मई में नौ महीने के निचले स्तर 1.2 प्रतिशत पर रही है। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के जरिये मापे जाने वाले औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर बीते वर्ष 2024 के मई माह में 6.3 प्रतिशत रही थी। 

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने अप्रैल के लिए औद्योगिक उत्पादन वृद्धि को भी संशोधित कर 2.6 प्रतिशत कर दिया है, जबकि पहले इसके 2.7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। इससे पहले, अगस्त, 2024 में आईआईपी में सबसे कम वृद्धि दर्ज की गयी थी। उस समय वृद्धि दर स्थिर रही थी। एनएसओ के आंकड़ों के अनुसार, विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन वृद्धि इस साल मई में घटकर 2.6 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 5.1 प्रतिशत थी। वहीं खनन उत्पादन में 0.1 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसमें 6.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

बिजली उत्पादन में 5.8 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में बिजली उत्पादन 13.7 प्रतिशत बढ़ा था। वित्त वर्ष 2025-26 में पहले दो माह (अप्रैल-मई) के दौरान औद्योगिक उत्पादन में सालाना आधार पर 1.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 5.7 प्रतिशत थी। इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा, ‘‘मानसून के जल्दी आने से खनन क्षेत्र की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और बिजली की मांग में कमी आई है। इस वजह से आईआईपी के इन दोनों उप-क्षेत्रों में मई में गिरावट आई है, जबकि विनिर्माण में वृद्धि धीमी रही है।” 

उन्होंने कहा कि जून तिमाही के पहले दो महीनों में औद्योगिक उत्पादन में धीमी वृद्धि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में औद्योगिक सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) वृद्धि के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उपयोग-आधारित वर्गीकरण के आधार पर, पूंजीगत वस्तु खंड में वृद्धि मई, 2025 में 14.1 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले इसी माह में में 2.6 प्रतिशत थी। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के उत्पादन में समीक्षाधीन महीने में 0.7 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि मई, 2024 में इसमें 12.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। 

उपभोक्ता गैर-टिकाऊ वस्तुओं का उत्पादन मई, 2025 में 2.4 प्रतिशत घटा, जबकि एक साल पहले इसमें 2.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुओं में इस साल मई में 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि एक साल पहले इसी माह में इसमें 7.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़ों के अनुसार, प्राथमिक वस्तुओं के उत्पादन में मई, 2025 में 1.9 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में इसमें 7.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। मध्यवर्ती वस्तुओं के मामले में वृद्धि दर आलोच्य महीने में 3.5 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले इसी माह में इसमें 3.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। 

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button