व्यापार

ट्रंप टैरिफ झटके से FY26 में 5.8% तक गिर सकती है भारत की GDP ग्रोथ, नोमुरा का अनुमान

India GDP Growth Forecast: नोमुरा (Nomura) ने भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) ग्रोथ का अनुमान वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए 6.2 फीसदी से घटाकर 5.8 फीसदी कर दिया है। यह ग्रोथ सबसे खराब स्थिति में रह सकती है, जब भारत पर 50% टैरिफ पूरे साल लागू रहेंगे। बेस केस में, हालांकि, जीडीपी अनुमान को घटाकर 6% कर दिया गया है, अगर टैरिफ सिर्फ तीन महीने तक रहता है।

नोमुरा की मुख्य अर्थशास्त्री (भारत और एशिया एक्स-जापान) सोनल वर्मा ने ऑरोदीप नंदी के साथ लिखे हालिया नोट में कहा, “बेस केस में FY26 में 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ लागू रह सकते हैं, 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ नवंबर के बाद हटा लिया जाएगा। हाल ही में FY26 की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.2 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दिया है। कमजोर निर्यात, श्रम बाजार और निवेश पर असर को देखते हुए हमें लगता है कि जीएसटी से मिलने वाले बूस्ट का सीमित फायदा होगा।”

नोमुरा ने हालांकि FY26 के लिए सीपीआई महंगाई दर (CPI inflation) का अनुमान 2.7 फीसदी बरकरार रखा है, लेकिन संभावित डिसइंफ्लेशन (मुद्रास्फीति में गिरावट) और कमजोर मांग को देखते हुए डाउनसाइड रिस्क बताए हैं। नोमुरा का अनुमान है कि चालू खाते का घाटा (CAD) FY26 में जीडीपी के 1 फीसदी तक बढ़ जाएगा। पहले यह 0.8 फीसदी था।

US ने लगाई अतिरिक्त 25% ‘रशियन पेनल्टी’

अमेरिका ने 27 अगस्त से भारतीय आयात पर अतिरिक्त 25% ‘रशियन पेनल्टी’ लागू कर दी, जिससे कुल टैरिफ दर 50 फीसदी हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत से अमेरिका को होने वाले लगभग 60 फीसदी आयात अब 50 फीसदी टैरिफ झेलेंगे, जिससे प्रभावी औसत टैरिफ दर 33.6% हो जाएगी।

नोमुरा का मानना है कि मीडियम टर्म में जीएसटी सुधार पॉजिटिव रहेंगे। उसका कहना है, निकट अवधि में, कीमतों में कमी की उम्मीद (जीएसटी कटौती के बाद) अगस्त-सितंबर में मांग को कमजोर करेगी, जबकि अक्टूबर-नवंबर में मांग में उछाल आएगा। कुल मिलाकर, मांग लगभग समान ही रहेगी।

US Tariffs: कौन से सेक्टर प्रभावित, कौन बचे

सेक्शन 232 के अंतर्गत चल रही जांच वाले कुछ सेक्टर जैसे सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, लकड़ी, ऊर्जा और बुलियन पर अभी कोई टैरिफ नहीं लगेगा। तैयार ऑटो और पार्ट्स पर 25% और स्टील, एल्युमीनियम और कॉपर पर 50 फीसदी टैरिफ है।

अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात डे​स्टिनेशन है, जो कुल निर्यात का करीब 20 फीसदी (86.5 अरब डॉलर) और FY25 में जीडीपी का लगभग 2.2 फीसदी है। भारत के अमेरिका को मुख्य निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, औद्योगिक मशीनरी और लेदर, प्लास्टिक, फुटवियर, पेपर और ग्लास आर्टिकल्स जैसे घरेलू सामान शामिल हैं।

नोमुरा का मानना है कि निर्यातकों के लिए टारगेटेड फिस्कल और क्रेडिट सपोर्ट संभव है। इस पर सीधा राजकोषीय खर्च जीडीपी का 0.1 फीसदी से कम होगा। हालांकि, कमजोर डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन, फ्रंटलोडेड खर्च और जीएसटी के असर की अस्पष्टता के कारण फिस्कल अरिथमेटिक अनिश्चित है, फिर भी 4.4 फीसदी का फिस्कल डेफिसिट लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। नोमुरा ने 2025 के अंत तक पॉलिसी रेट को 5% तक लाने के लिए अक्टूबर और दिसंबर में 25-25 बेसिस प्वाइंट कटौती का अनुमान जताया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button