तुरंत ईरान छोड़ दें भारतीय नागरिक,सरकार ने जारी की एडवाइजरी

एजेंसियां — तेहरान, ईरान में हिंसक प्रदर्शन की वजह से भारत सरकार ने बुधवार को नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि जो भी भारतीय नागरिक, चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री हों, व्यापारी हों या पर्यटक, इस समय ईरान में हैं, उन्हें जल्द से जल्द वहां से निकल जाना चाहिए। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि यह सलाह पांच जनवरी की पिछली एडवाइजरी के आगे की कड़ी है और ईरान की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए दी गई है। सरकार ने यह भी दोहराया है कि सभी भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें विरोध प्रदर्शन या भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहना चाहिए। ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें और स्थानीय मीडिया पर नजर रखें, ताकि किसी भी नई जानकारी से अवगत रहें। उधर, ईरान और अमरीका के बीच तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर जारी हिंसक कार्रवाई और अमरीका की संभावित दखलअंदाजी को लेकर हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। इसी बीच ईरान ने अमरीका और उसके सहयोगी देशों को कड़ी चेतावनी दी है, जिसके बाद कतर में मौजूद अमरीका के सबसे बड़े सैन्य एयरबेस से कुछ कर्मियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



