आज बड़े बदलाव के साथ उतरेगा भारत, सैमसन-बुमराह की हो सकती है एंट्री

ब्यूरो— नई दिल्ली, आईसीसी टी-20 वल्र्ड कप 2026 का 18वां मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को भारत और नामीबिया के बीच अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:00 बजे से शुरू होगा। गौरतलब है कि इन दोनों ही टीमों के बीच अब तक सिर्फ एक ही टी-20 इंटरनेशनल खेला गया है, जो कि साल 2021 के वल्र्ड कप में हुआ था। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने सिर्फ 15.2 ओवर में 133 रनों का लक्ष्य हासिल करके नौ विकेट से शानदार जीत हासिल की थी। भारत ने टूर्नामेंट में अपना पहला मैच मुंबई में यूएसए के खिलाफ खेला था, जिसमें उसने 29 रन से जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया ने जीत के साथ विश्व कप का आगाज किया है।
ऐसे में सूर्या एंड कंपनी इस लय को बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी ओर नामीबिया इसी मैदान पर नीदरलैंड के हाथों हार चुकी है। टी-20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में बुखार के कारण तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं खेले थे। अब बुमराह पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को गेंदबाजी का अभ्यास भी किया। ऐसे में बुमराह की नामीबिया के खिलाफ प्लेइंग 11 में वापसी हो सकती है। अगर बुमराह आते हैं तो मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है।



