चुनाव में भारत ने दिया दखल; कनाडा ने जड़ा नया आरोप, जांच आयोग ने ट्रूडो सरकार से मांगे सबूत

अटावा
भारत और कनाडा के बीच बीते साल से ही रिश्ते सही नहीं हैं। इसी बीच एक और विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में कनाडा के संघीय चुनाव 2019 और 2021 में विदेशी हस्तक्षेप की जांच कर रहे आयोग ने कनाडा की सरकार से भारत से संबंधित कई जानकारियां उपलब्ध कराने को कहा है। जांच आयोग ने कहा कि उसने कनाडा की जस्टिन ट्रूडो सरकार के दस्तावेज संग्रह विभाग से अनुरोध किया है कि 2019 और 2021 के चुनावों से संबंधित भारत द्वारा कथित हस्तक्षेप से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराए जाएं। रिपोर्ट के मुताबिक कनाडा में चुनावों को लेकर विदेशी हस्तक्षेप की जांच की जा रही है। जांच कर रही आयोग को सितंबर 2023 में जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, उन्होंने तब ये स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि वह चीन और रूस के हस्तक्षेप की जांच करेंगे, लेकिन अब भारत का नाम भी आ रहा है।
न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले आयोग ने भारत की भूमिका पर भी संदेह जताया है। बता दें कि पिछले सितंबर में कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सार्वजनिक रूप से भारत पर खालिस्तानी हरप्रीत सिंह निज्जर की हत्या के पीछे होने का आरोप लगाया था, जिसे भारत ने खारिज किया था। अब ट्रूडो सरकार एक और आरोप भारत पर लगा रही है। जांच आयोग ने अनुरोध किया है कि कनाडा सरकार अपनी शर्तों के पैराग्राफ खंड (ए)(आई)(ए) और (ए)(आई)(बी) से संबंधित दस्तावेज मुहैया कराए। इसमें 2019 और 2021 के चुनावों में भारत द्वारा कथित हस्तक्षेप से संबंधित जानकारी और दस्तावेज शामिल हैं।



