IND vs AUS Final, U19 World Cup 2024: रोहित का, कोहली का, शमी का, सबका बदला लेगा उदय… 84 दिनों बाद भारत ऑस्ट्रेलिया से जीतेगा वर्ल्ड कप!

आईसीसी अंडर-19 पुरुष विश्व कप 2024 के फाइनल में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा. दोनों टीमों के बीच यह फाइनल मुकाबला रविवार (11 फरवरी) को बेनोनी के विलमूर पार्क में खेला जाएगा. भारत ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 2 विकेट से हराया था. जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली थी.
एक साल के अंदर ये तीसरा फाइनल
देखा जाए तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक साल के अंदर तीसरी बार कोई फाइनल मुकाबला होने जा रहा है. इससे पहले जो दो मुकाबले हुए थे, उनमें भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी थी. 7-11 जून के बीच लंदन के ‘द ओवल में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के सामने WTC फाइनल में थी. उस मैच में भारत को 209 रनों से हार झेलनी पड़ी थी.
फिर 19 नवंबर को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया था. फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट से हार झेलनी पड़ी. इस हार के चलते टीम इंडिया का तीसरी बार वर्ल्ड चैम्पियन बनने का सपना चकनाचूर हो गया. हार के बाद भारतीय खिलाड़ी और फैन्स की आंखें नम हो गई थीं.
सहारन लेंगे WC फाइनल की हार का बदला!
अब भारत की यूथ टीम के पास वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों रोहित ब्रिगेड को मिली उस हार का बदला लेने का मौका है. सिर्फ 84 दिनों बाद ये घड़ी सामने आई है. भारतीय फैन्स यह डायलॉग जरूर कह रहे होंगे, “रोहित का, कोहली का, शमी का, राहुल का, सबका बदला लेगा हमारा उदय.” भारतीय कप्तान उदय सहारन भी फैन्स की इस हसरत को पूरा करने की तैयारी में जुटे होंगे.
उदय सहारन की कप्तानी वाली अंडर-19 टीम इस बड़े मौके को कतई गंवाना नहीं चाहेगी. हालांकि भारत की तरह ऑस्ट्रेलिया का भी प्रदर्शन शानदार रहा रहा और उन्होंने बिना कोई मैच गंवाए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में जगह बनाई है. ऐसे में फाइनल मुकाबला काफी कांटेदार होगा.
फाइनल में भारत का पलड़ा भारी
मगर यहां बता दें कि अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 2 बार टक्कर हुई है. दोनों ही बार भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज की है. अब दोनों टीमों के बीच फाइनल में तीसरी बार टक्कर होगी. यदि भारतीय टीम जीतती है, तो यह उसकी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत की हैट्रिक होगी. इससे पहले भारतीय टीम वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 2012 और 2018 में हरा चुकी है. पिछला वर्ल्ड कप खिताब भारत ने इंग्लैंड को हराकर जीता था.



