आईसीसी हॉल ऑफ फेम में 7 दिग्गजों को आज मिलेगी जगह, जानें कब और कहां देखें लाइव कार्यक्रम

नई दिल्ली: आईसीसी हॉल ऑफ फेम में इस साल सात और महान खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। यह खास कार्यक्रम लंदन में आज यानी 9 जून को होगा। इसे ‘ए डे विथ द लेजेंड्स’ नाम दिया गया है। यह कार्यक्रम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल से पहले होगा। फाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 11 जून से खेला जाएगा। इस कार्यक्रम में पांच पुरुष और दो महिला क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा।
हॉल ऑफ फेम में किसे मिलती है जगह?
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में क्रिकेट के दिग्गजों को शामिल किया जाता है। यह उन खिलाड़ियों को सम्मान देने का तरीका है जिन्होंने क्रिकेट में बड़ा योगदान दिया है। ICC के चेयरमैन जय शाह ने कहा कि यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने खेल पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि वे आश्वस्त हैं कि दुनिया भर के क्रिकेट फैंस इस खास मौके को देखकर खुश होंगे। नए सदस्यों का चुनाव ICC हॉल ऑफ फेम के सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की एक समिति ने किया है। इन सभी को खास कैप देकर सम्मानित किया जाएगा। यह कैप क्रिकेट में उनके योगदान को दर्शाएगी।
कब और कहां देखें आईसीसी का कार्यक्रम
आईसीसी हॉल ऑफ फेम का कार्यक्रम लाइव देखा जा सकता है। भारत में इस कार्यक्रम की स्ट्रीमिंग JioHotstar होगी। यह 9 जून को भारतीय समय के अनुसार रात 9 बजे शुरू होगा। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप से पहले, एलिस्टर कुक, एबी डिविलियर्स और नीतू डेविड को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। आईसीसी ने 2009 में इस अवॉर्ड की शुरुआत की थी। अभी तक कुल 115 खिलाड़ी हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जा चुके हैं। सबसे ज्यादा 33 खिलाड़ी इंग्लैंड के हैं जबकि 29 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को जगह मिली है। वेस्टइंडीज के 21, भारत के 10 जबकि पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के 7-7 खिलाड़ी हैं।



