अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

साइप्रस में PM मोदी ने Israel-Iran Conflict पर जताई चिंता, कहा-“यह युद्ध का युग नहीं!” 

International Desk: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे संघर्षों पर ‘‘चिंता जताई” और उन दोनों का मानना है कि ‘‘यह युद्ध का युग नहीं है।” मोदी ने यहां क्रिस्टोडौलिडेस के साथ व्यापक वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अपने संबोधन में यह भी कहा कि ‘‘बातचीत के जरिए समाधान और स्थिरता बहाल करना मानवता की मांग है।” प्रधानमंत्री ने सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के समर्थन के लिए आभारी हैं।” प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में अभी साइप्रस में हैं। मई में भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाए जाने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकवादियों के बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया गया था। संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान अपने संबोधन में राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने कहा, ‘‘हमारे बीच ऐतिहासिक मित्रता है और हमारे संबंधों में विश्वास है।”

उन्होंने 22 अप्रैल के भयावह पहलगाम आतंकी हमले को भी याद किया और कहा कि साइप्रस, भारत के साथ ‘‘पूरी एकजुटता” के साथ खड़ा है। राष्ट्रपति ने कहा कि साइप्रस आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है। अपने संबोधन में क्रिस्टोडौलिडेस ने अहमदाबाद में 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे का भी जिक्र किया और कहा कि साइप्रस के लोग दुख की इस घड़ी में भारत के साथ हैं। मोदी और क्रिस्टोडौलिडेस ने भारत-साइप्रस संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा और जलवायु न्याय जैसे क्षेत्रों में सहयोग के बारे में बात की। उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। मोदी ने कहा, ‘‘हम दोनों ने पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे संघर्षों पर चिंता व्यक्त की। उनका नकारात्मक प्रभाव केवल उन क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं है। हम दोनों का मानना है कि यह युद्ध का युग नहीं है। बातचीत के माध्यम से समाधान और स्थिरता बहाल करना मानवता की मांग है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा भारत-साइप्रस द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय लिखने का ‘‘स्वर्णिम अवसर” है। पिछले दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की साइप्रस की यह पहली यात्रा है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। बाद में, मोदी ने भारत-साइप्रस संबंधों को बढ़ावा देने के लिए कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल वार्ता के दौरान मौजूद थे। साइप्रस पहुंचने के तुरंत बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह यात्रा भारत-साइप्रस संबंधों को महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगी, खासकर व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में।” संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री के साथ साइप्रस मुद्दे पर भी चर्चा की।”

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button