छत्तीसगढ़

ग्राम रनपुर में प्रशासनिक सक्रियता : शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

00 माटीकला बोर्ड अध्यक्ष चक्रवर्ती और कलेक्टर ने किया विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण
00 अतिक्रमण हटाने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती एवं जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम रनपुर का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि ग्राम स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और गांव को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आदर्श बनाने में सहयोग करने की अपील की।

स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाकर बच्चों के लिए बनेगा बेहतर वातावरण
निरीक्षण की शुरुआत रनपुर हाईस्कूल परिसर से हुई। कलेक्टर ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने हेतु अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पर्याप्त भूमि सुरक्षित होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और खेल मैदान की सुविधा मिल सकेगी, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
बाजारडांड को व्यवस्थित करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
कलेक्टर ने ग्राम के बाजारडांड का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों ने अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्र संकरा होने और आवागमन में परेशानी की जानकारी दी। इस पर उन्होंने ग्राम पंचायत को आपसी सहमति से अतिक्रमण हटाने की पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार परिसर में स्थित सामुदायिक शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों से मासिक किराया नियमित रूप से वसूलने तथा उस आय का उपयोग विकास कार्यों में करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को बाजार क्षेत्र का सीमांकन कर बाजार लगाने के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाओं की समीक्षा
कलेक्टर व्यास ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण, उपलब्ध उपकरण, स्टोर रूम, पीएनसी कक्ष तथा पुरुष एवं महिला वार्ड का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों को अस्पताल परिसर में निवास कर पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ सेवाएं देने के निर्देश भी दिए।
पशु औषधालय और आयुर्वेदिक केंद्र का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पशु औषधालय में पशुओं के उपचार, दवा वितरण, टीकाकरण एवं बधियाकरण की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात आयुर्वेद औषधालय का निरीक्षण कर ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ उपस्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सरपंच, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button