हर दिन नारियल पानी पिएं तो फायदे होंगे या नुकसान? जानें, सुबह 30 दिनों तक पीने से शरीर में क्या होंगे बदलाव

Nariyal pani peene ke fayde: गर्मी में शरीर से अधिक पसीना निकलने के कारण डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ जाती है. खासकर, तब जब आप पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन न करें. इतना ही नहीं शरीर में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होना भी नुकसानदायक हो सकता है. नारियल पानी एक ऐसा पेय पदार्थ है, जिसमें नेचुरल तरीके से इलेक्ट्रोलाइट्स मौजूद होते हैं. इसे पीकर शरीर तरोताजा रहता है. पानी की कमी दूर करने में बेहद कारगर होता है. हालांकि, रोड साइड नारियल पानी देखकर आप कभी-कभार खीरद कर पी लेते होंगे, लेकिन क्या हो अगर आप कोकोनट वॉटर (Coconut water) हर दिन सुबह उठकर लगातार एक महीने तक पिएं? जानिए यहां फायदे होंगे या नुकसान…
30 दिनों तक लगातार नारियल पानी पीने से क्या होगा?
सुबह उठने के बाद शरीर को दोबारा हाइड्रेट करना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में अधिकतर लोग पहले चाय या कॉफी पीते हैं, तो वहीं कुछ लोग सिर्फ सादा पानी या नींबू पानी भी पीना पसंद करते हैं. लेकिन, अगर आप इन तरल पदार्थों की बजाय हर दिन खाली पेट सबसे पहले नारियल पानी पिएं तो क्या ये बेहतरीन विकल्प हो सकता है? एक्सपर्ट के अनुसार, ये एक बेहतर विकल्प हो सकता है.
शरीर को तेजी से करता है हाइड्रेट
इंडियनएक्सप्रेस में छपी एक खबर के अनुसार, नारियल पानी में पोटेशियम, मैग्नीशियम और अन्य प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं, जो शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखते हैं. सुबह जब आप नारियल पानी पीते हैं तो रातभर शरीर में जो पानी की कमी हुई है, उसकी पूर्ति हो जाती है. इससे थकान और सुस्ती भी नहीं महसूस होगी और आप दिन भर ऊर्जा से भरपूर रहेंगे.
पाचन तंत्र को करता है एक्टिव
नारियल पानी हल्का और आसानी से पचने वाला एक नेचुरल लिक्विड पदार्थ है. सुबह इसका सेवन पाचन तंत्र को बिना किसी अतिरिक्त दबाव के सक्रिय करने में मदद कर सकता है. जिन लोगों को पेट फूलने की समस्या होती है, वे इसे नियमित रूप से पिएं तो इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं. मल त्याग की प्रक्रिया में सुधार हो सकता है.
दिनभर शरीर रहेगा एनर्जेटिक
विशेषज्ञों के अनुसार, पर्याप्त हाइड्रेशन से शरीर की कोशिकाओं तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व बेहतर तरीके से पहुंचते हैं. इससे शरीर को स्थिर ऊर्जा मिलती है और दिनभर ताजगी महसूस हो सकती है.
हार्ट रहेगा हेल्दी
नारियल पानी में पोटैशियम भरपूर होता है. पोटैशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करता है. इससे ब्लड प्रेशर लेवल भी कंट्रोल में रहता है. हार्ट संबंधित समस्याएं नहीं होती हैं.
त्वचा और बालों के लिए भी हेल्दी है नारियल पानी
यदि आप प्रतिदिन नारियल पानी का सेवन करें तो इससे स्किन और बाल भी हेल्दी बने रहेंगे. जब शरीर में पर्याप्त पानी और मिनरल्स का बैलेंस बना रहता है तो स्किन और बालों पर पॉजिटिव असर होता है. नियमित हाइड्रेशन से स्किन फ्रेश, ग्लोइंग नजर आती है. होंठ भी सॉफ्ट बने रहते हैं. सुबह जब बेहतर हाइड्रेशन होता है तो ये परिणाम नजर आते हैं.
नारियल पानी सीधे तौर पर वसा (फैट) नहीं जलाता, लेकिन यह सुबह मीठे पेय पदार्थों या अनावश्यक स्नैकिंग की इच्छा को कम करने में मदद कर सकता है. जब शरीर अच्छी तरह हाइड्रेटेड रहता है, तो भूख और प्यास के संकेत अधिक स्पष्ट हो जाते हैं, जिससे बेहतर खानपान की आदतें विकसित हो सकती हैं.
कितनी मात्रा में पिएं नारियल पानी?
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 200 से 250 मिलीलीटर लगभग एक गिलास नारियल पानी का सेवन करना पर्याप्त माना जाता है. फ्रेश और बिना एक्स्ट्रा शुगर डाले आप इसका सेवन करें, तो ये अधिक लाभदायक होगा.
30 दिनों तक रेगुलर पीने से शरीर पर क्या होगा असर?
नारियल पानी जब आप बैलेंस्ड डाइट और हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करते हुए पिएं तो अधिक फायदा पहुंचा सकता है. इससे शरीर में पानी की मात्रा बनी रहती है. पाचन में सुधार होगा. सुबह इसे पीकर आपको अधिक तरोताजा महसूस होगा. हालांकि, इसके लाभ व्यक्ति की जीवनशैली और स्वास्थ्य स्थिति पर भी निर्भर करते हैं.



