मैं नहीं मेरा शरीर तय करेगा… महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से संन्यास पर खुलकर रखी बात

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए मैच के बाद से ही महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने की अटकलें तेजी से फैल रही हैं। 43 साल के धोनी के संन्यास को लेकर पहले भी कई बार बातें हो चुकी हैं। लेकिन इस बार उनकी बल्लेबाजी में गिरावट को देखते हुए कई लोगों को लग रहा है कि खिलाड़ी के तौर पर यह उनका आखिरी सीजन हो सकता है। हालांकि, राज शमानी के साथ एक पॉडकास्ट में धोनी ने अपनी बात साफ कर दी है। उन्होंने संन्यास की सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। धोनी ने कहा है कि वह अभी अपने करियर को आगे बढ़ाने के बारे में कोई फैसला नहीं लेने वाले हैं।
संन्यास के सवाल पर क्या बोले धोनी?
महेंद्र सिंह धोनी ने राज शमानी के पॉडकास्ट में कहा, ‘मैं अभी भी आईपीएल खेल रहा हूं और एक साल में एक बार खेलता हूं। मैं 43 साल का हूं। इस आईपीएल सीजन के अंत तक, जुलाई में मैं 44 साल का हो जाऊंगा। इसलिए मेरे पास यह तय करने के लिए 10 महीने हैं कि मैं एक और साल खेलना चाहता हूं या नहीं। यह मैं तय नहीं करूंगा, यह मेरा शरीर तय करेगा कि आप खेल सकते हैं या नहीं।’



