मैंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हत्या कर दी, दिल्ली में मर्डर कर थाने पहुंचा शख्स

नई दिल्ली: नरेला इलाके में लाइसेंसी रिवॉल्वर से एक शख्स की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे संपत्ति बेचने के बाद कमीशन को लेकर हुआ विवाद है। हत्या के बाद शख्स थाने पहुंचा और उसने हत्या करने की बात कहकर सभी को चौंका दिया।
ट्यूबवेल के पास मिला शव
पुलिस उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में ले ली और उसकी निशानदेही पर क्राइम सीन पर पहुंची। पुलिस को ट्यूबवेल के पास एक शव मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय धर्मपाल के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में दिनेश और भूप सिंह को हिरासत में ले लिया है।
खुद गोली मार थाने पहुंचा आरोपी
डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक शनिवार सुबह दिनेश कुमार नरेला पुलिस स्टेशन पहुंचा था। उसने थाने में मौजूद पुलिसकर्मी को बताया कि उसने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से धर्मपाल की गोली मारकर हत्या कर दी है। धर्मपाल का बेटा प्रदीप है। उसने अपने पिता के शव की पहचान की। उधर, मौके पर पहुंची क्राइम व एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले
आपको बता दें कि यह कोई मामला नहीं है। पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले दिल्ली एनसीआर से नाबालिग का अपने पिता की पिस्टल से गोली मारने का मामला सामने आया था। आरोपी ने अपने साथ पढ़ने वाले साथी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस संबंध में दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में पुलिस ने लोगों से अपील की थी कि वो अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपने बच्चों को दूर रखे।



