अंतर्राष्ट्रीय

‘मैं आज भी वेनेजुएला का राष्ट्रपति’, जब जज के आगे निकोलस मादुरो खुद को बताया निर्दोष, कोर्ट रूम में क्या-क्या हुआ?

Nicolas Maduro News: अमेरिकी अदालत में निकोलस मादुरो ने सोमवार को हुंकार भरी और खुद को बेगुनाह बताया. निकोलस मादुरो ने सोमवार को न्यूयॉर्क अदालत में जज के सामने दावा किया कि वह अब भी वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं और उन्हें किडनैप किया गया है.

अमेरिकी अदालत में पेश हुए निकोलस मादुरो सोमवार को खूब गरजे. उन्होंने भरी अदालत में खुद को बेगुनाह बताया और कहा कि वह किडनैप किए गए हैं. वेनेजुएला से अमेरिकी सेना द्वारा उठाए गए निकोलस मादुरो ने सोमवार को मैनहैटन में अमेरिकी फेडरल कोर्ट में ड्रग तस्करी और नार्को-टेररिज्म के आरोपों पर अपनी पहली पेशी के दौरान खुद को निर्दोष बताया. अपनी पहली सुनवाई में निकोलस मादुरो ने जज के सामने दावा किया कि वह अब भी वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं और उन्हें किडनैप किया गया है.

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज एल्विन हेलरस्टीन के सामने पेश होते हुए मादुरो ने कोर्ट को बताया कि उन्हें जबरदस्ती वेनेजुएला से लाया गया था. कोर्टरूम में मौजूद रिपोर्टर्स के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘मुझे किडनैप किया गया है.’इतना ही नहीं, निकोलस मादुरो के वकील ने अदालत में साफ किया कि वे फिलहाल जमानत की कोई मांग नहीं कर रहे हैं. जब अदालत में पेशी हुई तो निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस जेल की वर्दी और बेड़ियों में नजर आए. दोनों ने नार्को-टेररिज्म और ड्रग्स तस्करी के सभी चार आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया.

कोर्ट रूम में निकोलस मादुरो काफी आक्रामक दिखे. उन्होंने कहा कि ‘मुझे काराकस में मेरे घर से अगवा किया गया.’ जज ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई अब 17 मार्च को होगी. सुनवाई के बाद दोनों को दोबारा कड़ी सुरक्षा में जेल भेज दिया गया. अमेरिकी सेना ने 3 जनवरी को ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ के तहत उन्हें काराकस से पकड़ा था.

इधर, वेनेजुएला में मचे भारी घमासान के बीच डेलसी रोड्रिगेज ने आधिकारिक रूप से अंतरिम राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है. उन्हें उनके भाई और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने शपथ दिलाई. डेलसी ने शपथ ग्रहण के दौरान भावुक होते हुए कहा कि वह ‘भारी मन’ से यह जिम्मेदारी संभाल रही हैं. उन्होंने निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया को देश का ‘असली हीरो’ करार दिया. डेलसी ने अमेरिका पर हमला बोलते हुए कहा कि वेनेजुएला अब किसी का गुलाम नहीं बनेगा.

किस जेल में हैं निकोलस मादुरो?
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित जिस जेल में रखा गया है. वह लंबे समय से गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रही है. हालात ऐसे रहे हैं कि कुछ जजों ने वहां आरोपियों को भेजने से इनकार किया है. हालांकि इस जेल में संगीतकार आर. केली और सीन ‘डिडी’ कॉम्ब्स जैसे चर्चित कैदी भी रह चुके हैं. ब्रुकलिन में 1990 के शुरुआती वर्षों में शुरू हुए मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर (एमडीसी) फिलहाल करीब 1,300 कैदी बंद हैं. यह मैनहैटन और ब्रुकलिन की संघीय अदालतों में मुकदमे का सामना कर रहे आरोपियों के लिए आम तौर पर पहली जेल होती है. जहां कथित गिरोह सदस्यों और मादक पदार्थ तस्करों के साथ-साथ सफेदपोश अपराधों के आरोपी भी रखे जाते हैं.

और कौन रह चुके इस जेल में?
तीन जनवरी की रात मादुरो के पकड़े जाने की खबर के बाद बड़ी संख्या में वेनेजुएला के प्रवासी, हाथों में झंडे लिए, जेल के बाहर जमा हुए और जश्न मनाया. मादुरो और उनकी पत्नी को लेकर पहुंची कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गाड़ियों के जेल पहुंचते ही भीड़ ने नारे लगाए. एमडीसी ब्रुकलिन में बंद होने वाले मादुरो पहले राष्ट्रपति नहीं हैं. होंडुरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज़ को भी यहां रखा गया था. उन पर अमेरिका में सैकड़ों टन कोकीन की तस्करी का मुकदमा चला था. दोषी ठहराए जाने और 45 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें दिसंबर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माफी देकर रिहा कर दिया था.

और कौन हैं कैदी?
वर्तमान में इस जेल में मेक्सिको के सिनालोआ ड्रग कार्टेल के सह-संस्थापक इस्माइल ‘एल मायो’ ज़ाम्बाडा गार्सिया और यूनाइटेडहेल्थकेयर के सीईओ की हत्या के आरोपी लुइगी मैनजियोनी जैसे कैदी भी बंद हैं. अतीत में यहां क्रिप्टो उद्यमी सैम बैंकमैन-फ्राइड और जेफ्री एपस्टीन की सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल भी रह चुकी हैं.
समुद्र तट के औद्योगिक इलाके में एक शॉपिंग मॉल के पास स्थित और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के निकट दिखाई देने वाली इस जेल को कई बार ‘नरक समान’ और ‘लगातार चल रही त्रासदी’ बताया गया है. कैदियों और उनके वकीलों ने लंबे समय से हिंसा की शिकायतें की हैं. वर्ष 2024 में दो कैदियों की अन्य कैदियों द्वारा हत्या कर दी गई थी, जबकि कुछ जेलकर्मियों पर रिश्वत लेने और प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के आरोप लगे हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button