साले की शादी से लौटे पति ने पत्नी पर हथौड़े से हमला, मौत… गर्भवती साली-भतीजी गंभीर

अंबिकापुर। साले की शादी से लौटे एक जीजा ने आधी रात पत्नी, गर्भवती साली और भतीजी पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि गर्भवती साली और भतीजी गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर के ग्राम सरहरी निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा के यहां विवाह समारोह में शामिल होने रेवटी प्रतापपुर निवासी गणेश कुशवाहा पहुंचा था। पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी यशोदा अपनी पुत्री नैना के साथ मायके में रह रही थी।
20 फरवरी को बारात लौटने के बाद रात में सभी परिजन अपने-अपने कमरों में सो गए। देर रात करीब दो बजे भतीजी पिंकी ने शोर मचाते हुए बताया कि मौसा गणेश ने मौसी और मां पर हथौड़े से हमला कर दिया है तथा उसके सिर पर भी वार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो यशोदा और गंगोत्री खून से लथपथ पड़ी थीं। तीनों घायलों को तत्काल प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मिशन चिकित्सालय रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद यशोदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन माह की गर्भवती गंगोत्री की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। भतीजी पिंकी का मिशन चिकित्सालय में इलाज जारी है और उसकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद फरार आरोपी गणेश कुशवाहा को प्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



