…पत्नी से छुटकारा पाने पति ने मांगी मन्नत, तलाक मिलने पर की 9 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा

UP News: यूपी के बस्ती से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर लोग हैरान भी हो रहे है और हंस भी रहे है। दरअसल, एक पति अपनी पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था, उसके लिए इस रिश्ते को निभाना काफी मुश्किल हो गया था, जिस के लिए उसने एक ऐसी मन्नत मांग ली जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। ये मामला अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानिए अब पूरा मामला…
जानकारी के मुताबिक, मामला बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां एक युवक की शादी हुई और शादी के दो साल बाद ही उसका अपनी पत्नी से विवाद होने लगा। उसका वैवाहिक जीवन विवादों में उलझ गया। लगातार झगड़ों और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवक ने मां बैड़वा समय माता के मंदिर में मन्नत मांगी कि अगर उसे पत्नी से छुटकारा मिल गया तो वह दंडवत यात्रा करेगा।
पत्नी ने कोर्ट का लिया सहारा
उसने पत्नी से अलग होने के लिए ये मन्नत मांगी और साथ ही कोर्ट का भी सहारा लिया। करीब दो साल तक कोर्ट में ये मामला चला और आखिर उसे तलाक मिल गया। तलाक मिलने के बाद युवक और उसका पूरा परिवार काफी खुश था। उसकी मन्नत पूरी हो गई और मानसिक तनाव से भी छुटकारा मिल गया।
मन्नत पूरी होने पर की दंडवत यात्रा
युवक ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद अपने वादे को निभाया और उसने बिना कुछ खाए-पीए अपने गांव से भानपुर स्थित माता के मंदिर तक करीब 9 किलोमीटर की दंडवत यात्रा शुरू की। यह यात्रा आसान नहीं थी, लेकिन युवक ने पूरी आस्था के साथ इसे पूरा किया। हैरान करने वाली बात ते ये थी कि उसकी इस यात्रा में उसके माता-पिता समेत कई लोग थे और गाजे-बाजे और माता के जयकारों के साथ उसके पीछे-पीछे चल रहे थे। शाम करीब 6 बजे युवक थकान और चोटों से चूर होकर मंदिर पहुंचा। उसके घुटने लहूलुहान थे, लेकिन चेहरे पर सुकून साफ झलक रहा था। उसने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मन्नत पूरी होने पर आभार जताया।
सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा मामला
युवक ने इस मामले में कहा कि वह अपने वैवाहिक जीवन से काफी परेशान था और अब तलाक मिलने के बाद खुद को हल्का और शांत महसूस कर रहा है। उसके मुताबिक, यह यात्रा सिर्फ मन्नत पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का संकेत भी है। ये अनोखा मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स मजेदार कमेंट्स करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई शादी से बचने का ये लेवल पहली बार देखा है, सलाम है ऐसे जज्बे को। इसी तरह लोग इस पर अपनी तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे है।


