मची सियासी हलचल, BJP में शामिल हुए HS Phoolka

नेशनल डेस्क:1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों की कानूनी लड़ाई लड़ने वाले देश के जाने-माने वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता एच.एस. फुल्का बुधवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। राजधानी दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
न्याय की लंबी लड़ाई के नायक
फुल्का दिल्ली हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और उन्हें 2019 में ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया था। उन्होंने दशकों तक कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सज्जन कुमार और जगदीश टाइटलर को उनके अंजाम तक पहुँचाने के लिए एक बेहद कठिन कानूनी संघर्ष का नेतृत्व किया। 1985 में ‘सिटिजन जस्टिस कमेटी’ (CJC) के गठन से लेकर दंगों से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने तक, फुल्का का योगदान अद्वितीय रहा है।
आम आदमी पार्टी से भाजपा तक का सफर
एच.एस. फुल्का इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के बड़े चेहरे रहे थे। उन्होंने 2014 में लुधियाना से लोकसभा चुनाव लड़ा था और 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव में दाखा सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि, जनवरी 2019 में उन्होंने राजनीति को ‘गलती’ बताते हुए ‘आप’ से इस्तीफा दे दिया था और खुद को पूरी तरह कानूनी लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। अब भाजपा में शामिल होकर उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की नई शुरुआत की है।



