नगर निगम ने तोरवा में बिना नोटिस बुजुर्ग के घर की सीढ़ी तोड़ी, बाहर कैसे निकलेंगे ?

बिलासपुर: नगर पालिक निगम अंतर्गत जोन क्रमांक 6 तोरवा में निगम कर्मचारियों की अजीबोगरीब कार्रवाई सामने आई है. यहां एक बुजुर्ग दंपती के घर की सीढ़ी को बिना नोटिस दिए ही तोड़ दिया गया. सीढ़ी तोड़ने के बाद अब घर में रहने वाले बुजुर्ग घर से बाहर कैसे निकलेंगे ये उनके लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है. सीढ़ी तोड़े जाने के बाद घर में फंसे बुजुर्ग को बड़ी मुश्किलों से बाहर निकाला गया.
जिस सीढ़ी को नगर पालिका निगम ने तोड़ा है वहीं सीढ़ी एकमात्र साधन घर में आने और जाने के लिए थी. बिना नोटिस दिए नगर पालिका ने सीढ़ी क्यों तोड़ी इस बात का जवाब अब घर वाले भी मांग रहे हैं. सीढ़ी तोड़े जाने के बाद दोनों बुजुर्ग अपने ही घर में कैद होने को मजबूर हो गए हैं. 70 साल के दीपक प्रकाश तिवारी कहते हैं कि हम अब अपने घर से बाहर भी नहीं जा सकते हैं. किसी भी जरुरी सामान के लिए अब हमें दूसरों पर आश्रित होने की नौबत आ गई है.
जोन कमिश्नर की दलील: वहीं इस मामले में जोन कमिश्नर और नगर निगम के अधिकारियों से जब मीडिया ने जानकारी लेनी चाही तो उनसे संपर्क नही हो पाया. वहीं बुजुर्ग का कहना है कि सुबह निगम के अतिक्रमण दस्ते की टीम ने अचानक मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी थी, इस दौरान न तो उन्होंने नोटिस दिया और न हो व्यवस्था बनाने के लिए मौका दिया. बुजुर्ग ने बताया कि वो हार्ट पेशेंट हैं और उनकी पत्नी भी बीमार रहती हैं ऐसे में निगम कर्मियों ने उनकी कोई बात सुने बगैर कार्रवाई कर दी और घर में लगे लोहे की सीढ़ी को उठाकर ले गए.



