राष्ट्रीयअन्य राज्य

चंपारण में भीषण हादसा, सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा; 5 की मौत

 बेतिया। एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग में बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

मृतकों में दो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार का आयोजन था।

उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया।

तेज रफ्तार बस ने लोगों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी।

इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में पांच की पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button