छत्तीसगढ़

होली का जश्न मातम में बदला : एक ही दिन में 3 हत्या और चाकूबाजी की वारदात से फैली सनसनी

 रायपुर। राजधानी रायपुर में होली का पर्व शहर में शांतिपूर्वक मनाया गया, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में 3 हत्याओं और चाकूबाजी जैसी वारदातों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। ये घटनाएं आरंग, खरोरा, बरबंदा और तिल्दा में हुईं। हैरानी की बात ये है कि रायपुर ग्रामीण पुलिस ने एक दिन पहले ही फ्लैग मार्च निकाला था, ताकि होली के दौरान शांति बनी रहे। लेकिन हिंसक घटनाओं से पुलिस के दावों की पोल खुल गई है और रायपुर ग्रामीण पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आरंग: नीरज लोधी की नृशंस हत्या

आरंग के साहू पारा में होली के दिन की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब कुछ हुड़दंगी युवकों ने 18 वर्षीय नीरज लोधी की चाकू से हत्या कर दी। नीरज अपने घर का इकलौता चिराग था। घटना के दौरान दो दोस्त किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। प्राथमिक जांच में पाया गया कि नीरज के शरीर पर तीन गहरे चाकू के निशान और सिर पर गंभीर चोटें थीं।

घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने भारी बल तैनात किया और आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस संदिग्धों के घरों पर दबिश और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

खरोरा: मोहित निषाद की हत्या

खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। हमलावर युवक फरार हैं। पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन जांच अभियान शुरू किया है।

बरबंदा: पुरानी रंजिश में दिनेश विश्वकर्मा की हत्या

बरबंदा में दिनेश विश्वकर्मा की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तिल्दा: चाकूबाजी, पीड़ित अस्पताल में भर्ती

तिल्दा इलाके में होली के दौरान हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस बल तैनात

होली का पर्व, जो आमतौर पर रंग और उत्सव का प्रतीक माना जाता है, इस बार रायपुर ग्रामीण में हत्या और हिंसा के कारण मातम में बदल गया। इन हत्याओं से पुलिस के दावों की पोल खुल गई है और रायपुर ग्रामीण पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर सुरक्षा और निगरानी में चूक कैसे हुई। तीनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button