दो घंटे अंधड़ के साथ हुई जोरदार बारिश, 7 किमी लंबी बिजली लाइन में 15 जगह आया फाल्ट, 200 गांवों में ब्लैक आउट, 9 बजे के बाद आई लाइट

गरियाबंद. जिले के इंदागांव इलाके में आज दोपहर करीब ढाई बजे जोरदाश बारिश हुई. दो घंटे तक चली तेज हवा व अंधड़ के साथ सीमित इलाके में हुई बारिश ने जमकर तबाही मचाई. कई लोगों के मकान के कवेलु तक उड़ गए. वहीं जगह-जगह बिजली तार में पेड़ गिरने से 200 गावों में बिजली सप्लाई बाधित रही.
आंधी-तूफान के चलते इंदागांव से बुढगेल टप्पा के बीच लगभग 7 किमी में लगी 33 केवी लाइन में 15 जगह फाल्ट आया. इसके अलावा कहीं खंभा टेढ़ा हुआ तो कहीं तार में डंगाली गिरे तो कहीं टूटे पेड़ ने तार को क्षतिग्रस्त किया. इस फाल्ट के चलते दोपहर से देवभोग अमलीपदर इलाके के 200 गांव में बिजली आपूर्ति सेवा बाधित हो गई. देवभोग फीडर के इस लाइन को सुधार के लिए अमलीपदर, गोहरापदर सब स्टेशन के 20 से ज्यादा कर्मचारी जुटे रहे. सुधार कार्य शाम 4 बजे से शुरू किया. शाम ढलते-ढलते लाइन को क्लियर कर लिया गया, लेकिन अन्य फाल्ट नहीं मिल सका है. टीम पैदल गश्ती कर फाल्ट ढूढने में लगी है.देवभोग के सहायक अभियंता हेमंत नागवंशी ने बताया कि टीम लगातार फाल्ट ढूढने में लगी हुई है. प्रभावित इंदागांव क्षेत्र में ही फाल्ट है. टीम पेट्रोलिंग कर रही है. फाल्ट पकड़ में आया तो सुधार कार्य करने में विलंब नहीं लगेगा.



