अंतर्राष्ट्रीय

प्रेजिडेंशियल डिबेट में ट्रंप-जो बाइडेन में तीखी बहस

डोनाल्ड ने चीन का करीबी बताते हुए मंचूरियन कहा, तो राष्ट्रपति ने पोर्न स्टार से संबंधों पर घेरा

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होना है। चुनाव से ठीक पांच महीने पहले गुरुवार रात राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहली प्रेजिडेंशियल डिबेट हुई। डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों बाइडेन और ट्रंप के बीच टेलीविजन पर आयोजित बहस में तीखी नोकझोंक हुई। इस ‘वाकयुद्ध’ में पूर्व राष्ट्रपति ने श्री बाइडेन को साफ तौर पर करारी मात दी। हालांकि, 75 मिनट की डिबेट के बाद अमरीका के सबसे बड़े मीडिया हाउस में शुमार न्यूयार्क टाइम्स, वाशिंगटन पोस्ट और डिबेट होस्ट करने वाले सीएनएन ने इसमें ट्रंप को विजेता घोषित किया। विश्लेषकों ने कहा कि बहस के दौरान बाइडेन बार-बार अपनी बात रखने में अटक रहे थे, वह लगातार खांस रहे थे और ट्रंप के आरोपों का जवाब नहीं दे पा रहे थे। बहस के दौरान दोनों नेताओं ने 75 मिनट तक एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए। इस दौरान राजनीतिक के साथ निजी हमले भी किए गए। ट्रंप ने बाइडेन को चीन का करीबी बताते हुए मंचूरियन कह दिया, तो बाइडेन ने ट्रंप को पोर्न स्टार से संबंधों पर घेरा। ट्रंप और बाइडेन के बीच यह मुकाबला चार साल में दूसरी बार हुआ। इस डिबेट की शुरुआत अमरीका में बढ़ रही महंगाई के मुद्दे से हुई। बाइडेन ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि ट्रंप के राष्ट्रपति पद से हटने के बाद उन्हें ऐसी अर्थव्यवस्था मिली, जो खस्ताहाल थी। बाइडेन ने कहा कि उन्होंने बड़े पैमाने पर रोजगारों का सृजन किया और बढ़ती दवाइयों की कीमतों पर लगाम लगाई। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि बाइडेन सरकार में अमरीका में बड़ी तादाद में अवैध प्रवासी पहुंचे हैं।

डिबेट के दौरान ट्रंप ने बाइडेन की खिल्ली उड़ाते हुए उन्हें मंचूरियन बताया। साथ ही आरोप लगाया कि वह चीन से पैसे लेते हैं। इस पर बाइडेन ने ट्रंप को उनके हश मनी मामले पर घेरते हुए कहा कि जब आपकी पत्नी प्रेग्नेंट थीं, आप पोर्न स्टार से संबंध बना रहे थे। फॉरेन पॉलिसी को लेकर बातचीत में ट्रंप ने कहा कि बाइडेन अब तक के सबसे बुरे चीफ कमांडर हैं। अमरीकी सैनिक बतौर राष्ट्रपति मुझे ज्यादा पसंद करते हैं। अगर हमारे पास एक ऐसा राष्ट्रपति होता, जिसका पुतिन भी सम्मान करते, तो वे कभी यूक्रेन पर हमला नहीं करते। बाइडेन ने जंग रोकने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने पुतिन को हमले के लिए उकसाया था। अफगानिस्तान को लेकर बाइडेन के फैसले से दुनिया में अमरीका की बेइज्जती हुई, लेकिन बाइडेन ने कुछ नहीं किया। वहीं, बाइडेन ने कहा कि हमने अफगानिस्तान से हजारों लोगों को बाहर निकाला है। पुतिन एक युद्ध अपराधी हैं। उन्होंने लाखों लोगों को मारा है। वे सोवियत साम्राज्य को दोबारा स्थापित करना चाहते हैं। वे यूक्रेन में शांति नहीं आने देंगे। बाइडेन ने ट्रंप को घेरते हुए 2018 का उनका बयान याद दिलाया। इसमें ट्रंप ने अफगानिस्तान में काम कर चुके सैनिकों को लूजर और सकर (बेवकूफ) कहा था। बाइडेन के दिवंगत बेटे ब्यू बाइडेन भी अफगानिस्तान में काम कर चुके थे। बाइडेन ने डिबेट में भावुक होकर ट्रंप को कहा कि मेरा बेटा लूजर और सकर नहीं है तुम लूजर और सकर हो।

दोनों नेताओं ने एक दूसरे से हाथ तक नहीं मिलाया

डिबेट की शुरुआत में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ तक नहीं मिलाया। टीवी स्टूडियो में एंट्री के वक्त बाइडेन ने ट्रंप की तरफ देखते हुए हाथ हिलाया और उनसे पूछा कि वे कैसे हैं। इस पर ट्रंप ने कोई जवाब नहीं दिया, वह चुपचाप अपनी जगह पर जाकर खड़े हो गए।

गर्भपात अधिकारों पर भिड़े

दोनों नेताओं के बीच गर्भपात के अधिकारों को लेकर भी तीखी बहस हुई। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि अमरीका में गर्भपात के अधिकारों को पलट देने का फैसला बेहतरीन था, जबकि बाइडेन ने इसे भयावह और शर्मनाक बताया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button