Haryana Chuanv: बीजेपी ने काटा 9 विधायकों का टिकट, जेजेपी से आए 3 MLA पर जताया भरोसा

चंडीगढ़. बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 67 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर 9 विधायकों की टिकट दी. वहीं बीजेपी ने जेजेपी से आए 3 एमएलए पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दे दी है. इस लिस्ट में खेल कोच के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे विधायक और पूर्व मंत्री संदीप सिंह की टिकट काट दी गई है. पेहोवा से संदीप सिंह की जगह सरदार कमलजीत सिंह अजराना को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है. इसी तरह बिजली मंत्री और रानियां से विधायक रणजीत सिंह को भी भाजपा ने इस बार टिकट नहीं दिया है. उनकी जगह बीजेपी ने शीशपाल कंबोज को उम्मीदवार बनाया है.
फतेहाबाद की रतिया विधानसभा से विधायक लक्ष्मण नापा का भी टिकट काट दिया गया है. उनकी जगह सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को बीजेपी ने टिकट दिया है. लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी ने सुनीता दुग्गल की टिकट काटकर आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए अशोक तंवर को उम्मीदवार बनाया था. तंवर लोकसभा चुनाव कांग्रेस की कुमारी शैलजा से बुरी तरह हारे थे.
इनके भी कटे टिकट
पलवल से दीपक मंगला, फरीदाबाद से नरेंद्र गुप्ता, गुरुग्राम से सुधीर सिंगला , बवानी खेड़ा से विशंभर वाल्मीकि, अटेली से सीताराम यादव और सोहना से राज्य मंत्री संजय सिंह की टिकट भी पार्टी ने काट दी है. वहीं, सीएम नायब सैनी लाडवा से चुनाव लड़ेंगे. पिछला विधानसभा चुनाव उन्होंने करनाल से लड़ा था. हाल ही में बीजेपी में शामिल हुई किरण चौधरी की बेटी को भी टिकट मिला है. श्रुति चौधरी को भी तोशाम विधानसभा से उम्मीदवार बनाया है.



