छत्तीसगढ़

गुरु खुशवंत साहेब ने दी हरेली की बधाई : कहा- यह पर्व हमारी कृषि संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और समृद्धि का पर्व

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार व अनुसूचित जाति मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि, हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, किसान, प्रकृति और हमारी समृद्ध लोक परंपराओं से जुड़ी भावनाओं का उत्सव है।

छत्तीसगढ़ की पहचान कृषि प्रधान प्रदेश के रूप में रही है और हरेली तिहार इसी कृषि संस्कृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हरेली के दिन किसान भाई अपने नांगर (हल), कृषि औजारों एवं खेती-किसानी में उपयोग होने वाले उपकरणों की पूजा करते हैं। यह परंपरा हमें याद दिलाती है कि अन्नदाता किसान और कृषि हमारे सामाजिक एवं आर्थिक जीवन की मजबूत नींव हैं। हरेली पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।

किसानों को सशक्त करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मंत्री श्री खुशवंत ने कहा कि, मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित में निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, उनकी आय बढ़े और खेती-किसानी को अधिक लाभकारी बनाया जा सके, इस दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश के ग्रामीण अर्थतंत्र पर दिखाई दे रहा है। किसान सशक्त होंगे तो गांव मजबूत होंगे और गांव मजबूत होंगे तो छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनेगा।

युवाओं के कौशल और रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस
मंत्री श्री खुशवंत ने कहा कि, राज्य सरकार किसानों के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को कौशल, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। आज के बदलते दौर में युवाओं को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ना आवश्यक है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि कौशल के माध्यम से रोजगार देने वाला और आत्मनिर्भर युवा बने। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़कर उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।उन्होंने कहा कि हरेली का संदेश ही हरियाली है। इसलिए इस हरेली पर हम सभी एक पौधा लगाएं, उसकी जिम्मेदारी लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button