दिव्यांगों के लिए खुशखबरी, बिहार में इस समूह के लिए निकली वैकेंसी

Bihar Rojgar Mela: बिहार के जहानाबाद में 14 अगस्त को दिव्यांगजनों के लिए जॉब कैंप आयोजित होगा, जिसमें 5 रिक्त पदों पर भर्ती होगी. चयनित उम्मीदवारों को ₹13,500 वेतन मिलेगा. पंजीकरण NCS पोर्टल पर आवश्यक है.
जहानाबाद: बिहार में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की कोशिश की जा रही है. राज्य के विभिन्न जिलों में नियोजन शिविर आयोजित कर शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी दी जा रही है. ऐसे में जहानाबाद में भी हर महीने नियोजन शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नौकरी मिल सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें. इसी क्रम में अगस्त में एक बार फिर से नियोजन शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इस बार यह शिविर दिव्यांगजनों के लिए होगा, जिसमें 5 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी.
श्रम संसाधन विभाग और जिला नियोजनालय के सहयोग से 14 अगस्त को जहानाबाद में जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम गांधी मैदान के पास स्थित जिला बुनियाद केन्द्र में होगा. जहां शिविर की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी और यह दोपहर 04:00 बजे तक आयोजित की जाएगी.
जानें सैलरी और सीटों की जानकारी
जिला नियोजन पदाधिकारी आकृति कुमारी के अनुसार यह जॉब कैंप दिव्यांगजनों के लिए होगा. यूथ फॉर जॉब फाउंडेशन लिमिटेड कंपनी बच्चों का चयन करेगी. जिला नियोजनालय में दिव्यांगजन के लिए 5 सीटों पर बहाली होगी. इसके लिए उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास होनी चाहिए और उम्र सीमा 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए. चयनित उम्मीदवारों को हर महीने ₹13,500 रुपए वेतन मिलेगा. यह रिक्तियां पटना के लिए हैं और इसमें सिर्फ दिव्यांगजन ही हिस्सा ले सकते हैं.
NCS पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
इच्छुक उम्मीदवारों को NCS पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा. जिनका पंजीकरण पहले से नहीं हुआ है, वे शिविर के दिन स्थल पर भी पंजीकरण कर सकते हैं. जॉब कैंप की सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह नि:शुल्क हैं. उम्मीदवारों का चयन यूथ फॉर जॉब फाउंडेशन लिमिटेड कंपनी के मानदंडों के अनुसार होगा. जिला नियोजनालय जहानाबाद का कार्य सिर्फ नियोजक और उम्मीदवारों के बीच समन्वय स्थापित करना है.



