अक्षय तृतीया से पहले सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी बड़ी गिरावट, जानें 24K, 22K, 18K सोने का भाव

नई दिल्ली: सोना-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला। एमसीएक्स (MCX) पर जहां दोनों धातुओं की कीमतों में तेजी आई तो वहीं राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में इनमें गिरावट देखी गई। अक्षय तृतीया से पूर्व सोना-चांदी में यह उतार-चढ़ाव निवेशकों को हैरान कर रहा है। हालांकि जानकारों के मुताबिक स्थानीय बाजार में सोने के भाव में तेजी देखने को मिल सकती है।
MCX पर क्या रहा भाव?
एमसीएक्स पर सोना और चांदी के भाव में शुक्रवार को तेजी आई। रात 10:30 बजे जून डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 1648 रुपये की तेजी के साथ 1,54,800 रुपये पर था। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी प्रति किलो 10,354 रुपये के उछाल के साथ 2,58,982 रुपये पर था।
शुक्रवार को दोनों धातुओं की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। दिन के कारोबार के दौरान सोना अधिकतम 1,55,500 रुपये और चांदी 2,61,750 रुपये पर पहुंच गई थी। हालांकि बीच में दोनों धातुओं में कुछ गिरावट भी देखी गई। सोना 1,52,547 रुपये और चांदी 2,48,499 रुपये तक गिर गए थे।
सर्राफा बाजार में क्या कीमत?
घरेलू बाजार में कमजोर मांग के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 5,700 रुपये टूटकर 2.53 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 5,700 रुपये यानी 2.2 प्रतिशत टूटकर 2,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,600 रुपये यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर रहा।
युद्धविराम के बाद के घटनाक्रम पर सप्ताहांत आने वाली जरूरी जानकारी से पहले बाजार के सतर्क रहने की वजह से सोना सीमित दायरे में रहा और कीमतों में नरमी रही। सोना के सीमित दायरे में रहने की संभावना है, जिसमें उतार-चढ़ाव का रुझान रहेगा और सप्ताहांत के किसी भी घटनाक्रम पर तेजी से प्रतिक्रिया करेगा।
जतीन त्रिवेदी, उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा), एलकेपी सिक्योरिटीज
कीमतों में गिरावट के 3 बड़े कारण
- इजरायल और लेबनान के बीच गुरुवार से 10 दिनों का युद्धविराम लागू हो गया है। युद्ध के बीच इस राहत ने सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग को थोड़ा कम किया है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि इस सप्ताहांत अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का अगला दौर हो सकता है। ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देश एक बड़े समझौते के करीब हैं, जिससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम होगा।
- ईरानी विदेश मंत्री ने घोषणा की है कि युद्धविराम के दौरान सभी व्यापारिक जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) खुला रहेगा। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार में सुधार की उम्मीद है।
गुडरिटर्न्स पर कहां पहुंची कीमत?
गुडरिटर्न्स के मुताबिक भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सोना प्रति 10 ग्राम 1370 रुपये गिरकर 1,54,200 रुपये रह गया। वहीं चांदी प्रति किलो 5000 रुपये लुढ़क गई। इस गिरावट के साथ चांदी का भाव 2,65,000 रुपये रह गया है। गुडरिटर्न्स के मुताबिक विभिन्न शहरों में सोने का भाव इस प्रकार है:
| शहर | 24K | 22K | 18K |
| दिल्ली | ₹154350 | ₹141500 | ₹115800 |
| मुंबई | ₹154200 | ₹141350 | ₹115650 |
| कोलकाता | ₹154200 | ₹141350 | ₹115650 |
| चेन्नई | ₹155020 | ₹142100 | ₹118600 |
| लखनऊ | ₹154350 | ₹141500 | ₹115800 |
| कानपुर | ₹154350 | ₹141500 | ₹115800 |
| पटना | ₹154250 | ₹141400 | ₹115700 |
| जयपुर | ₹154350 | ₹141500 | ₹115800 |
| इंदौर | ₹154250 | ₹141400 | ₹115700 |
| भोपाल | ₹154250 | ₹141400 | ₹115700 |
IBJA का क्या है रेट?
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड (IBJA) द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए ताजा रिटेल रेट्स के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। विभिन्न श्रेणियों में सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:
विदेशी बाजारों में क्या स्थिति?
विदेशी बाजारों में हाजिर सोना थोड़ा घटकर 4,786.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 1.12 प्रतिशत बढ़कर 79.28 डॉलर प्रति औंस हो गई। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, कीमतें इस समय महत्वपूर्ण सपोर्ट और रेजिस्टेंस स्तरों के बीच झूल रही हैं।
- अगर अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता सफल होती है और अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती का संकेत देता है, तो सोना 4,900 डॉलर और चांदी 90 डॉलर की ओर बढ़ सकता है।
- वहीं अगर महंगाई ऊंचे स्तर पर बनी रहती है और ब्याज दरें कम नहीं होती हैं, तो सोना गिरकर 4,500 डॉलर और चांदी 60 डॉलर के नीचे जा सकती है।
क्या है एक्सपर्ट की राय?
विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान बाजार अनिश्चितताओं से भरा है। अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी ठोस समझौते का सीधा असर कीमतों पर पड़ेगा। एक बार में बड़ा निवेश करने के बजाय, गिरावट आने पर धीरे-धीरे (Buy on Dips) खरीदारी करना जोखिम को कम कर सकता है। अनिश्चितता के दौर में सोना और चांदी पोर्टफोलियो को सुरक्षा प्रदान करते हैं, इसलिए इन्हें अपने निवेश का हिस्सा बनाए रखें।
अक्षय तृतीया पर कैसा रहा भाव?
इस रविवार 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार इस दिन सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। चूंकि अभी कीमतों में थोड़ी गिरावट आई है और अंतरराष्ट्रीय तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं, ऐसे में खरीदारों के पास गहने या डिजिटल गोल्ड में निवेश करने का यह एक अच्छा मौका हो सकता है।



