छत्तीसगढ़

गनियारी डबल मर्डर मामला : हत्याकांड का फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुए दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही सनसनीखेज मामला है, जिसमें 6 मार्च 2024 को दादी और पोती की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले के तीसरे आरोपी मार्शल राजपूत (29 वर्ष), निवासी कृपाल नगर, कोहका, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले ही दो आरोपी चुमेन्द्र निषाद और पंकज निषाद पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी चुमेंद्र ने सगाई के बाद अवैध संबंधों का खुलासा होने के डर से योजना बनाकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। यह पूरा मामला पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी का है।

जानिए क्या है पूरा मामला

06 मार्च 2024 को ग्राम गनियारी में एक वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की अज्ञात आरोपियों ने हत्या कर दी थी। दोनों के शरीर पर धारदार और भोथरे हथियारों से कई वार किए गए थे, जिससे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल, फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वाड और वरिष्ठ अधिकारियों की पूरी टीम मौके पर पहुंची। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारी और एसीसीयू के अधिकारी शामिल थे।

सगाई के बाद अवैध संबंध का खुलासा होने का था डर

टीम ने घटना स्थल पर कैंप कर 62 संदिग्धों से पूछताछ की। संदिग्धों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अहमदाबाद और रायपुर में संदिग्धों का ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराया गया। प्राप्त रिपोर्ट से जो साक्ष्य मिले, उनके आधार पर प्रमुख संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें चुमेन्द्र निषाद ने अवैध संबंध की स्वीकारोक्ति की। उसने बताया कि सगाई के बाद अवैध संबंध का खुलासा होने के डर से अपने शराब तस्करी के एक सहयोगी पंकज निषाद एवं एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था।

19 फरवरी 2024 को आरोपी चुमेंद्र की हुई थी सगाई

मृतिका (बालिका) को यह पता चल गया था कि आरोपी चुमेंद्र की सगाई 19 फरवरी 2024 को हो चुकी है और अपने सहेलियों के माध्यम से मृतिका ने चुमेंद्र और उसके परिवार को बरबाद करने की बात बोली थी। उक्त बातों के पता चलने पर आरोपी ने अपने शराब तस्कर साथियों के साथ मिलकर मृतिका (बालिका) को मार डालने की योजना बनाई। घटना के दिन आरोपी चुमेंद्र लोगों को गुमराह करने के लिए अपने दोस्तों के साथ चौथिया खाने उतई के पास घुघसीडीह गया था, वहां से रात्रि करीब एक से 1:30 बजे के मध्य वापस गांव आया। अपने भाई को फोन करके दरवाजा खुलवाया और अपने भाई के सोने के बाद बाहर निकलकर योजना के तहत पंकज व एक अन्य साथी को व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया। उसके साथी पंकज निषाद व अन्य स्कॉर्पियो गाड़ी क्रमांक सीजी 06 ई 6666 में आकर मृतिका के घर के बाहर सड़क में खड़े हुए।

आरोपी को मृतका के गर्भवती होने का था शक

आरोपी चुमेंद्र मृतिका (बालिका) को आवाज देकर दरवाजा खुलवाकर अंदर गया और योजनाबद्ध तरीके से झूठ बोलकर “चलो शादी करेंगे” कहकर भाग चलने को कहा, किंतु मृतिका ने “तुम्हारी सगाई हो गई है, मैं नहीं जाऊंगी” कहकर मना कर दी। आरोपी को यह भी शंका थी कि मृतिका (बालिका) तीन महीने से गर्भवती है। मना करने पर आरोपी चुमेंद्र ने गुस्से में आकर वहीं पड़े टंगिया से सिर में कई बार प्राणघातक हमला किया, चिल्लाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसकी दादी के उठने पर उसे भी चाकू से गर्दन में मारा। वह बचने के लिए बाहर भागी तो उसे पकड़कर उसके गर्दन में कई बार चाकू से हमला किया, जिससे वह गिर गई और उसे घसीट कर अंदर लाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू व हाथ तालाब में धोकर अपने दोनों साथियों को बताया कि काम हो गया है। फिर वे अपने-अपने घर चले गए।

आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले

पुलिस ने बताया कि आरोपी चुमेंद्र निषाद अपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके विरुद्ध पूर्व में थाना पुलगांव में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पंकज निषाद के विरुद्ध भी कई प्रकरण पंजीबद्ध हैं। आरोपी चुमेंद्र निषाद और पंकज निषाद को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं आरोपी पंकज निषाद से मोबाइल व स्कार्पियो वाहन को जब्त किया गया है। घटना में एक अन्य आरोपी की भूमिका की भी पतासाजी की जा रही है। इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की ओर से गठित विशेष टीम, थाना पुलगांव एवं एसीसीयू के अधिकारी कर्मचारियों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा गठित विशेष टीम, पुलगांव थाना और एसीसीयू के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई ने आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button