छत्तीसगढ़

इलाहाबाद की 8 महिलाओं के गिरोह को सिविल लाइन पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की बिलासपुर में होने वाली शिव महापुराण कथा में महिलाओं के गहने चुराने के इरादे से उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद के झुसी थाना इलाके के सिघरा से 8 महिलाओं का गैंग पहुंचा था। पं. मिश्रा के घायल हो जाने के कारण कार्यक्रम रद्द हो गया। इसके बाद महिलाएं शहर में घूम-घूमकर चोरियां करने लगीं। पुलिस ने इन 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में बिंदु देवी (35 वर्ष), रीता देवी (40 वर्ष), पूजा देवी (30 वर्ष), प्रीति देवी (22 वर्ष), अनिता देवी (25 वर्ष), सविता देवी (21 वर्ष), शालू (19 वर्ष) और आरती कुमारी (25 वर्ष) शामिल हैं।
साकेत अपार्टमेंट के पास जयपाल टावर्स की एक महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर 1.15 बजे उसने अग्रसेन चौक से शेयर ऑटो पकड़ा। थोड़ा आगे काली साड़ी पहनी एक महिला और उसके कुछ साथी बस स्टैंड जाने के लिए ऑटो में सवार हुए। उनमें से एक ने उसके पैर को पंजे से दबाकर ध्यान भटकाया और दूसरे ने उल्टी करने का बहाना किया। उन्होंने ध्यान भटकाया और गले से 17 ग्राम वजनी सोने का चेन पार कर दिया। जब वह ऑटो से उतरकर एक दुकान पहुंची तो उसे अपना चेन गायब होने का पता चला। इसी प्रकार चड्डा बाड़ी नेहरू नगर की एक महिला के साथ ही एक दूसरे ऑटो रिक्शा में पंजे से पैर दबाकर ध्यान भटकाने के बाद 22 ग्राम सोने का चेन चुरा लिया गया। उक्त घटनाओं की सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस को आशंका हुई कि बाहर से आया महिलाओं का कोई गिरोह इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है।
एक संदेही बिंदू को बस स्टैंड से हिरासत में लिया गया। उसके आसपास गिरोह की दूसरी महिलाएं भी थीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पं. प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में महिलाओं के गहने चुराने की योजना बनाकर वे यूपी से यहां आई थीं। मगर, यहां आने पर उनको मालूम हुआ कि कार्यक्रम रद्द हो गया है। इसके बाद वे ठसाठस भरी ऑटो रिक्शा में सवार होकर महिलाओं के गहने चुराने के लिए रुक गई। एक दो दिन बाद वे वापस जाने वाली थीं, पर इस बीच पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सभी आरोपी महिलाओं को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button