संजू से लेकर शिवम दुबे तक… 6 भारतीय खिलाड़ी, जो पहली बार खेलेंगे टी20 वर्ल्ड कप, एक ले चुका है भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम किन 15 खिलाड़ियों के साथ वर्ल्ड कप खेलने जाएगी, इसका ऐलान हो गया है. विंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया 21 मई को यूएस के लिए रवाना होगी. भारतीय सेलेक्टर्स ने कुछ कड़े फैसले लिए हैं. 1 से 29 जून तक खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी. यह मुकाबला अमेरिका में खेला जाएगा. शुभमन गिल, केएल राहुल और रिंकू सिंह जैसे कुछ अन्य स्टार खिलाड़ियों को ड्रॉप कर दिया गया. 6 खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे.
बाएं हाथ के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है. वह टेस्ट में फर्स्ट च्वॉइस ओपनर हैं. उन्हें टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में शुभमन गिल पर प्राथमिकता मिली है. अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने वाले जायसवाल ने अभी तक 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान वह एक शतक और 4 अर्धशतक के साथ 502 रन बना चुके हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 161.43 का रहा है. जायसवाल के लिए आईपीएल का यह सीजन अच्छा रहा है. जायसवाल पहली बार वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं. यह किसी भी फॉर्मेट में उनका पहला वर्ल्ड कप है.



