27 जिलों में कोहरे का अलर्ट, बढ़ेगा दिन का तापमान, जानें अपने शहर का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो रही है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में गर्मी दस्तक देने की संभावना है। हालांकि इस बीच मौसम विभाग के एक अलर्ट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी लखनऊ सहित कई शहर इस अलर्ट की जद में हैं।
जिन प्रमुख जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बहराइच, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली, सीतापुर और झांसी शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, गाजियाबाद और देवरिया में भी कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा दृश्यता कम कर सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा आम जनजीवन और यातायात को प्रभावित कर सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की अपील की है।



