छत्तीसगढ़
बंद मकान में लगी आग ने 9 घरों को चपेट में लिया, लोगों ने बाहर निकलकर बचाई जान

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी के बीच आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही है. इस बीच मस्तूरी में भीषण आग का कहर देखने को मिला है. जोंधरा चौक के पास स्थित आरा मिल के पीछे बंद मकान में लगी आग ने आसपास के 9 घरों को भी चपेट में ले लिया. घटना से रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा पर फिर सवाल उठ रहे हैं.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
जानकारी के मुताबिक, आरा मिल के पीछे बसे घरों में देर रात आग लग गई. घटना में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. वहीं शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है. गनीमत रही कि घरों से लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई ली.
बताया जा रहा है कि कच्ची और लकड़ी की छतों के माध्यम से आग तेजी से फैली. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत, अफरा-तफरी का माहौल है. सूचना के बाद मस्तूरी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं प्रशासन नुकसान के आकलन करेगा.



