छत्तीसगढ़

निगम जोन कार्यालय में टेंडर को लेकर ठेकेदार और भाजपा पार्षद के बीच मारपीट, दोनों पक्ष पहुंचे थाना

रायपुर. राजधानी के नगर निगम जोन 9 कार्यालय में टेंडर फॉर्म लेने पहुंचे ठेकेदार और भाजपा पार्षद के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. ठेकेदार लहूलुहान हो गया है. घटना की जानकारी मिलते ही ठेकेदार संघ मामले की शिकायत करने थाने पहुंचा है. बताया जा रहा पार्षद रोहित साहू को भी चोट आई है. पार्षद भी एफआईआर दर्ज कराने मोवा थाना पहुंचे हैं.

नेताजी सुभाष चन्द्र बोस वार्ड के पार्षद रोहित कुमार साहू ने ठेकेदार ओम राठौर को पेपर वेट में मारा है, जिससे ठेकेदार की नाक में चोट आई है. जानकारी के मुताबिक, भाजपा पार्षद रोहित साहू और निगम में रजिस्टर्ड ठेकेदार ओम राठौर के बीच टेंडर को लेकर विवाद हो गया था. नेताजी सुभाष चन्द्र बोस वार्ड के भावना नगर में सीसी रोड निर्माण के लिए टेंडर निकला था, लेकिन पार्षद रोहित साहू नहीं चाहते थे कि ठेकेदार ओम उनके वार्ड में काम करें.

गुरुवार को जब ठेकेदार ओम राठौर टेंडर फॉर्म लेने पहुंचे, तभी पार्षद रोहित साहू भी मौके पर पहुंच गए. दोनों के बीच विवाद छिड़ गया. इसी दौरान टेबल पर पड़े पेपर वेट को रोहित ने ओम की नाक पर दे मारा. इस हमले में ओम को चोट आई है. विवाद के बाद ओम का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वह कह रहे हैं कि अगर मैं मरता हूं या मुझे कुछ होता है तो उसका जिम्मेदार पार्षद रोहित साहू होंगे. ठेकेदार ने अपनी जान को खतरा भी बताया है.

ठेकेदार ओम राठौर का कहा है कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस वार्ड में पार्षद रोहित कुमार साहू पिछले 3-4 सालों से दादागिरी कर रहा है. वो जिसे कहता है उसे टेंडर दिया जाता है. मैंने टेंडर का फार्म भरा था, जो आज निकलना था. इसके लिए मैं जोन कार्यालय पहुंचा था. मैं अकेला था. सुनियोजित तरीके से पार्षद रोहित साहू ने मुझ पर हमला किया है.

पार्षद रोहित साहू ने कहा, मेरे परिवार में शादी है, इसका निमंत्रण देने जोन कार्यालय आया था. इसके पहले भी ठेकेदार ओम राठौर टेंडर को लेकर मेरे आफिस में आकर धमकी दे चुका है. काम दिलाने का दबाव भी डाला था. आज टेंडर को लेकर दो ठेकेदार जोन कार्यालय पहुंचे थे. इस दौरान ओम राठौर ने दूसरे ठेकेदार से पैसे की मांग की. मना करने पर ओम राठौर ने दादागिरी करते हुए मेरा मोबाइल छीन लिया. उसने धक्का मारा तो मैंने धक्का मारा तो उसे लगा है. मुझे भी चोट आई है. ऐसे ठेकेदारों से हम सुरक्षित नहीं है तो जनता कैसे सुरक्षित रहेगी. ठेकेदार के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचा हूं.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button