अन्य राज्य

रोहिणी में महिला पुलिस अधिकारी ने 78 वर्षीय बुजुर्ग के साथ की बदसलूकी, थप्पड़ मारने पर FIR दर्ज

दिल्ली पुलिस की एक महिला उप निरीक्षक के खिलाफ रविवार, 5 अप्रैल को केस दर्ज किया गया है. सूत्रों के मुताबिक महिला पुलिस अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने 78 वर्षीय एक दुकानदार को थप्पड़ मार दिया. विवाद शुरू हुआ जब बुजुर्ग व्यक्ति ने उन्हें अपनी दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने से मना किया था.

पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, यह घटना रोहिणी सेक्टर-7 में हुई, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी दुकान के ठीक सामने खड़ी कार को लेकर आपत्ति जताई. महिला गर्भवती थी और उन्होंने कहा कि वह अपने पति के साथ डॉक्टर के पास जांच के लिए आई हैं. जैसे ही क्लिनिक से निकलेंगी, गाड़ी हटा लेंगी.

दुकानदार के अनुमति न देने पर भड़की थी महिला

बताया जा रहा है कि महिला ने दुकानदार से कुछ मिनटों के लिए गाड़ी खड़ी करने की अनुमति मांगी थी और उनका इरादा था कि वह अपनी जांच पूरी होने के बाद गाड़ी हटा लेंगी. हालांकि, दुकानदार ने इनकार कर दिया, जिसके कारण बहस शुरू हो गई.

महिला ने खुद किया पुलिस अधिकारी होने का दावा

सूत्रों की मानें तो बहस के दौरान स्थिति बिगड़ गई और महिला ने बुजुर्ग को थप्पड़ मार दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला आक्रामक व्यवहार कर रही थी और भीड़ के जमा होने पर उसने वहां मौजूद लोगों को किनारे हटने के लिए कहा और दावा किया कि वह पुलिस अधिकारी है.

महिला और पति के खिलाफ केस दर्ज

मामला गंभीर होता देख आसपास के लोगों ने पीसीआर को फोन किया. इसके बाद आस-पास के पुलिस थानों से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. महिला अधिकारी को पास के ही एक पुलिस थाने ले जाया गया और उनके तथा उनके पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. मामले की जांच जारी है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button