छत्तीसगढ़

किसानों का छलका दर्द, ‘लो वोल्टेज, बिजली कटौती से फसल चौपट’,

महासमुंद: बागबाहरा ब्लॉक में रबी सीजन के समय करीब 19 हजार एकड़ में धान, दलहन, तिलहन के साथ सब्जियों की फसल किसान लगाते हैं. इस साल भी किसानों ने रबी फसल लगाई है, लेकिन बिजली कटौती के साथ लगातार लो वोल्टेज की समस्या ने किसानों की कमर तोड़ दी है. धान,गेंहू,उड़द,मूंग,तरबूज की फसल सिंचाई के अभाव में बर्बाद हो रही है. बिजली विभाग के अफसर का कहना है कि जहां भी लो वोल्टेज की शिकायत है उसे दूर करने की कोशिश की जा रही है.

खेतों में आई दरारें: बागबाहरा ब्लॉक में रबी सीजन में लगभग हजारों एकड़ में लगी फसल लगभग आधा खराब हो गई है. बोरवेल के भरोसे हो रही खेती में सिंचाई के अभाव में खेतों की जमीन में दरारें पड़ चुकी हैं. फसलों की ग्रोथ खत्म हो गई है. सिंचाई नहीं होने से फसल या तो सूख चुकी है या सूखने की कगार पर है.

सिचाई नहीं होने से किसान परेशान: परेशान किसान सैकड़ों की संख्या में बिजली विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन और घेराव भी कर चुके हैं. अब निराश हो चुके किसानों का कहना है कि बिजली विभाग ने हमें बर्बाद कर दिया है.

लो वोल्टेज है. बिजली कटौती हो रही है. पंप नहीं चल रहा है. फसल सूख रही है. गांव में सभी लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान हैं – दिनेश साहू, किसान

पानी की समस्या है. लो वोल्टेज से बड़ी समस्या है. दो महीने पहले धान लगाए थे. महीने भर से लो वोल्टेज की बहुत समस्या है. सिंचाई नहीं कर पा रहे. बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है. तिल, उड़द, फल्ली भी लगाए हैं. उड़द और तिल फसल तो पानी नहीं मिलने से बर्बाद हो गई. सभी किसान का यही हाल है. धान की फसल बर्बाद हो गई है – कृष्णा बरिहा, किसान

बिजली विभाग की दलील: वहीं बिजली विभाग के आला अधिकारी ने व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया है. अधीक्षण अभियंता वी बी एस कंवर ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए जैसे कोलदा सब स्टेशन में 3.1 एमबी ट्रांसफार्मर को 5 एमबी किया है. अभी लो वोल्टेज की समस्या की शिकायत वहां नहीं आ रही है.

पंप के फीडर को 18 घंटे की सप्लाई: अधिकारी का यह भी कहना है कि बिजली कटौती नहीं हो रही है. पंप के फीडर को 18 घंटे की सप्लाई दे रहे हैं. लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए बागबाहरा सबस्टेशन से नया बे निकाल रहे हैं, वहां से एक फीडर आएगा, जिससे बागबाहरा एरिया को काफी राहत मिलेगी और समस्या हल होगी.

बागबाहरा ब्लॉक: महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के सैकड़ों गांवों के हजारों किसान फसल बर्बाद होने से परेशान हैं. अधिकारी भरोसा तो दे रहे हैं लेकिन किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से ही किसानों की खड़ी फसल चौपट हो रही है.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button