दो दिन के रोजगार मेला में 1035 बेरोजगारों को रोजगार का ऑफर

सिंगरौली. शासकीय आइटीआइ पचौर परिसर में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला में 1035 बेरोजगार युवाओं व युवतियों को रोजगार ऑफर किया गया है। दो दिनों में कुल 1569 बेरोजगारों ने रोजगार के लिए आवेदन दिया था।
रोजगार मेले में आई 20 से अधिक स्थानीय कंपनियों ने पहले दिन 245 बेरोजगार युवतियों का चयन किया था। दूसरे दिन 790 बेरोजगार युवक व युवतियों को रोजगार के लिए प्रथम चयन किया गया। चयनित बेरोजगारों को प्रशिक्षण सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिम्मेदारी दी जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी सीमा वर्मा के मुताबिक रिलायंस कोल माइंस में चयनित 11, सासन पावर में चयनित 4 और हिंडालको में चयनित 4 बेरोजगारों को कलेक्टर अरुण परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की ओर से ऑफर लेटर दिया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक एसआर मंसूरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
रोजगार मेले में चयनित होने से वंचित रह गए बेरोजगार युवाओं व युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक ने योजनाओं पर प्रकाश डाला।



