छत्तीसगढ़

विस में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश, सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 7.51 प्रतिशत बढोत्तरी का अनुमान

रायपुर: बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को राज्य विधानसभा में पेश आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, स्थिर मूल्यों पर छत्तीसगढ़ के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 7.51 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान सरकार ने जताया है. वित्त वर्ष 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय 1,62,870 रुपये तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है.

आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट: योजना, आर्थिक और सांख्यिकी विभाग के मंत्री ओपी चौधरी ने सदन के पटल पर रिपोर्ट रखी. पेश की गई रिपोर्ट में बताया गया है कि अग्रिम अनुमानों के अनुसार, स्थिर मूल्य (आधार वर्ष 2011-12) पर राज्य का जीएसडीपी 7.51 प्रतिशत की दर से बढ़ने और वित्त वर्ष 2023-24 में 3,06,712 करोड़ रुपये के त्वरित अनुमान की तुलना में 2024-25 में 3,29,752 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है.

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश की रिपोर्ट: रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य के कृषि और संबद्ध क्षेत्रों (कृषि, पशुधन, वानिकी और मत्स्य पालन) और उद्योग क्षेत्र (खनन और उत्खनन, निर्माण, विनिर्माण और बिजली, गैस और जलापूर्ति) में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में चालू वित्त वर्ष में क्रमशः 5.38 प्रतिशत और 6.92 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है. आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया है कि सेवा क्षेत्र में 2023-24 की तुलना में 8.54 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है.

जीएसडीपी: अग्रिम अनुमान के अनुसार, मौजूदा मूल्य पर जीएसडीपी वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 5,67,880 करोड़ रुपये होने की संभावना है, जबकि 2023-24 के लिए अनुमान 5,12,107 करोड़ रुपये है, जो 10.89 प्रतिशत की वृद्धि बताई गई है. सर्वेक्षण रिपोर्ट में हाईलाइट किया गया है कि 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय (वर्तमान मूल्यों पर प्रति व्यक्ति शुद्ध राज्य घरेलू उत्पाद) 1,62,870 रुपये तक पहुंचने की संभावना है, जो पिछले वित्तीय वर्ष में 1,48,922 रुपये से 9.37 प्रतिशत अधिक है

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button