अन्य राज्य

दिल्ली में तड़के मुठभेड़, भाऊ गैंग के दो शूटर अरेस्ट

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के बापरौला इलाके में सोमवार तड़के दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस टीम और भाऊ गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ सुबह करीब चार बजे UER के पास खेतों में हुई, जहां पुलिस पहले से ही इनपुट के आधार पर ट्रैप लगाकर बैठी थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भाऊ गैंग के दो इनामी बदमाश रनहौला इलाके में आने वाले हैं। इसी आधार पर टीम ने घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू करने के लिए गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल हालत में दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, दीपक पर दिल्ली पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की हत्या का आरोप है, जबकि अतुल गुरुग्राम में हाल ही में हुए कार शोरूम फायरिंग कांड में शामिल रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भाऊ गैंग से जुड़े हैं, जिसका संचालन गैंगस्टर भाऊ विदेश में बैठकर कर रहा है। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस आगे की पूछताछ में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button