जयपुर में पीजी एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल, अभ्यर्थियों ने किया हंगामा, NTA की तरफ से करवाई परीक्षा रद्द

जयपुर: राजधानी जयपुर के जवाहर नगर स्थित श्री सत्य साईं कॉलेज में उस वक्त अजीबोगरीब स्थित बन गई जब मेडिकल में पीजी एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल हो गई। यह एग्जाम ऑनलाइन मोड पर हो रहा था। एग्जाम सेंटर में बिजली गुल होते ही अभ्यर्थी हैरान रह गए। सोचा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था होगी लेकिन ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। काफी देर तक बिजली आने का इंतजार किया गया और बाद में वीक्षक ने सभी अभ्यर्थियों को एग्जाम रूप से बाहर जाने के लिए कह दिया। कॉलेज के लॉन में आकर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान कई अभ्यर्थियों के अभिभावक भी वहां पर थे जिन्होंने भी हंगामा किया।
आयुष पीजी का एग्जाम था
शनिवार को इस कॉलेज में ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट का एग्जाम हो रहा था। इसी एग्जाम के जरिए पीजी में एडमिशन होता है। सुबह दस बजे से 12 बजे तक एग्जाम होना था लेकिन बिजली गुल होने के बाद हंगामा हो गया। हंगामे के दौरान भीड़ एकत्रित हो गई और कुछ अभिभावकों ने नकल कराने के आरोप भी लगाए। सूचना मिलने पर जवाहर नगर और आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अभ्यर्थियों और अभिभावकों को समझाकर शांत किया
बिजली गुल हुई तो सिस्टम हुए ठप्प
एग्जाम देने वाले स्टूडेंट्स का कहना है कि परीक्षा सुबह ठीक दस बजे शुरू हुई थी। दोपहर 12 बजे तक एग्जाम होना था लेकिन एग्जाम शुरू होने के महज 25 मिनट बाद ही बिजली गुल हो गई। जैसे ही लाइट गई तो सारे कंप्यूटर सिस्टम ठप हो गए। थोड़ी देर इंतजार किया था कि कॉलेज प्रबंधन की तरफ से जनरेटर की व्यवस्था होगी लेकिन कॉलेज में जनरेटर था ही नहीं। ऐसे में स्टूडेंट्स एग्जाम नहीं दे सके।
एग्जाम कैंसिल की सूचना लिखित में लेने पर अड़े
हंगामे के बाद परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की पीड़ा को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया और अभ्यर्थियों की मांग के अनुसार एग्जाम कैंसिल करने की सिफारिश की। उच्च स्तर पर एग्जाम कैंसिल करने का निर्णय लिया गया। परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर ने जब अभ्यर्थियों से कहा कि आपके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा क्योंकि यह एग्जाम कैंसिल कर दिया गया है।
इसके बाद भी अभ्यर्थी हंगामा करते रहे। वे इस बात पर अड़ गए कि उन्हें लिखित में दिया जाए कि यह एग्जाम कैंसिल कर दिया गया है। साथ ही स्टूडेंट्स की यह भी मांग थी कि ना केवल इस परीक्षा केंद्र बल्कि सभी परीक्षा केंद्रों का पेपर रद्द किया जाए क्योंकि ऐसे मौके पर बड़े स्तर पर नकल भी हो सकती है।
एनटीए कराता है यह एग्जाम
ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएशन में एंट्रेंस टेस्ट के जरिए एडमिशन होता है। जिन मेडिकल स्टूडेंट्स को आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी की पोस्ट ग्रेजुएशन में एडमिशन लेना होता है। वे स्टूडेंट्स यह एग्जाम देते हैं। यह एग्जाम ऑनलाइन मॉड यानी कंप्यूटर बेस्ट होता है। प्रतियोगिता परीक्षाओं की तरह यह ऑब्जेक्टिव टाइप का पेपर होता है जिनमें चार विकल्प में से सही उत्तर चुनना होता है। गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग भी होती है।



