बैक इंजरी, बुमराह के चैंपियंस ट्रॉफी खेलने पर संशय…

बंगलुरु. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बैक इंजरी की जांच के लिए सोमवार को बंगलुरु पहुंच गए हैं। वह आने वाले 2-3 दिन बीसीसीआई की सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में मेडिकल टीम की निगरानी में रहेंगे। जांच पूरी होने के बाद सेंटर ऑफ एक्सिलेंस के स्पेशलिस्ट अपनी रिपोर्ट अजित अगरकर की लीडरशिप वाली सिलेक्शन कमेटी को भेजेंगे। भारत की सिलेक्शन कमेटी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम का ऐलान कर चुकी है, लेकिन बुमराह की चोट चिंता का विषय है। टीम का ऐलान करते हुए अजित अगरकर ने कहा था, बुमराह को पां सप्ताह का आराम दिया गया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में नहीं खेलेंगे। बुमराह की फिटनेस पर फैसला फरवरी महीने की शुरुआत में किया जाएगा।
सारी मेडिकल जांच रिपोट्र्स को परखने के बाद ही कोई फैसला किया जाएगा। बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में भी रखा गया है, लेकिन वह शुरुआती दो मुकाबले नहीं खेलेंगे। हालांकि, तीसरे वनडे और चैंपियंस ट्रॉफी में उनका खेलना या न खेलना फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश के साथ खेला जाएगा।



