रिफंड नहीं होंगे धर्मशाला मैच के पैसे, पंजाब बनाम दिल्ली में महज दस ओवर का हुआ था खेल

धर्मशाला. धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को मात्र 10 ओवर का मैच खेला गया। बावजूद इसके महंगे टिकटों के पैसे दर्शकों को रिफंड नहीं किए जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों को धर्मशाला स्टेडियम में गुरुवार को हुए पंजाब बनाम दिल्ली कैपिटल्स मुकाबले में तिहरी मार झेलनी पड़ी। पहले डेढ़ घंटा हुई बारिश के कारण असमंजस की स्थिति बनी रही। फिर 8:30 बजे से 9:28 मिनट तक मात्र एक घंटा ही मुकाबला हो सका। इसके बाद फ्लड लाइट्स खराब होने व तनाव की स्थिति को देखते हुए दर्शकों को बाहर निकाला गया। पंजाब सहित जम्मू-कश्मीर व अन्य पड़ोसी राज्यों के लोग, जिनका गुरुवार रात को ही वापसी करने का प्लान था, लेकिन पाकिस्तान के ड्रोन हमलों के तनाव ने उन्हें काफी परेशान किया।
अब धर्मशाला में भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मैच करवाए जाने को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्यों 20 हज़ार दर्शकों व अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों सहित आयोजन करवाया गया? ऐसी क्या आफत बीसीसीआई, आईपीएल प्रबंधन, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी व सरकार-प्रशासन को आन पड़ी थी कि सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बावजूद मैच को करवाया गया।



