छत्तीसगढ़

कवर्धा में श्रीगुहा निषादराज जयंती समारोह में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा


 रायपुर, 23 जनवरी 2024



उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा आज कवर्धा में आयोजित श्रीगुहा निषादराज जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने जयंती पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति को दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने समाज द्वारा भवन निर्माण की मांग पर हर संभव पूरा करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
        उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार मोदी की गारन्टी को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में 18 लाख परिवार को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृत दी है। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी का निर्णय लिया गया है। राशनकार्डधारी परिवारों को अगले 5 साल तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। इससे 67 लाख 92 हजार 153 परिवार लाभान्वित होंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) भर्ती मामले की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया गया है। 02 वर्ष के धान के बोनस राशि 3 हजार 716 करोड़ रूपए राज्य के 13 लाख किसानों के खाते में हस्तांरित किया है। इस तरह से हमारी सरकार द्वारा सभी घोषणाएं पूरी की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि महतारी वंदन योजना के लिए 12 सौ करोड़ रूपए बजट में प्रावधान कर लिया गया है। प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए की राशि माताओं के खाते में डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता की खरीदी 5500 रूपए में की जाएगी। इसके लिए 4000 रूपए बोनस का भी प्रवधान है। कार्डधारियों को 500 रूपए में सिलेंडर दिया जाएगा। भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। बेहतर शिक्षा के लिए रायपुर में विद्यार्थियों के लिए एक और नालंदा परिसर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वादो को मोदी की गारंटी में पूरा किया जाएगा। इस दौरान श्री पोखराज परिहार, श्रीराम प्रसाद बघेल, श्री जग्गू साहू, श्री उमंग पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रामभक्त और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button