अमेरिका में तीन शोधकर्ताओं की मौत बन गई रहस्य, एलियन ने कर दी हत्या या कोई और साजिश?

ufo us airforce: अमेरिका के ओहायो में स्थित राइट-पैटरसन एयर फोर्स बेस पर तीन एयर फोर्स कर्मचारियों की अचानक मौत के बाद हड़कंप मच गया है। इन सभी कर्मचारियों की मौत 24 और 25 अक्टूबर को हुई है। यह मौतें किसी को सामान्य हादसा लग सकती है, लेकिन लोग इन मौत को एलियन से जोड़ रहे हैं। इस बेस की यूएफओ से जुड़ी पुरानी कहानियों के कारण साजिश की थ्योरी बनाई जा रही है। अब सवाल है कि क्या है सिर्फ संयोग है या कोई रहस्य है?
क्या है मौतों का रहस्य?
राइट-पैटरसन एयर फोर्स बेस के अधिकारियों ने 28 अक्टूबर को एक बयान जारी कर कहा कि तीनों मृतक बेस पर काम करते थे। उन्होंने अधिकारी की पहचान बताई। मरने वालों में फर्स्ट लेफ्टिनेंट जेमी गस्टिटस (25 वर्ष) शामिल हैं। यह 711वीं ह्यूमन परफॉर्मेंस विंग में कार्यरत थीं। यहां पर इंसानों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने पर शोध किया जाता है, जिनमें सैनिकों को ज्यादा ताकतवर बनाने के तरीके शामिल हैं।
जेमी प्रिचर्ड (33 वर्ष), जो एयर फोर्स लाइफ साइकिल मैनेजमेंट सेंटर में हथियार प्रणालियों के जीवन चक्र का प्रबंधन का काम देखती थीं। इनका काम था कि हथियारों को लंबे समय तक इस्तेमाल योग्य कैसे रखा जाए। जेकब प्रिचर्ड (34 वर्ष) और यह 88वीं एयर बेस विंग के लैब में काम करते थे। जेकब और जेमी पति-पत्नी थे।
पुलिस की जांच में क्या आया सामने?
पुलिस जांच के मुताबिक, सभी मौतें एक डबल मर्डर-सुसाइड का मामला लग रही हैं। पुलिस ने जानकारी दी कि 25 अक्टूबर की सुबह करीब 2 बजे जेकब प्रिचर्ड ने अपनी पत्नी जेमी की हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने जेमी के शव को कार के ट्रंक में डाल दिया। इसके बाद वह सहकर्मी जेमी गस्टिटस के अपार्टमेंट में घुस गए और गस्टिटस को गोली मार दी। इसके बाद जेकब ने खुद को गोली मार ली। उनका शव कार के पास मिला, जहां ट्रंक खुला था।



