Airtel पर भड़का ग्राहक, खुंदक में बना डाली कंपनी के नाम की वेबसाइट, अब सरेआम कोस रहा कंपनी को

Customer Creates Website Against Airtel: Airtel को अपने एक ग्राहक के साथ लापरवाही करना काफी भारी पड़ गया। दरअसल एक शख्स Airtel की सर्विस से इस कदर परेशान हो गया कि उसने कंपनी को सबक सिखाने की ठान ली। ऐसे मामलों में आमतौर पर लोग बहुत हुआ तो सोशल मीडिया पर कंपनी पर भड़ास निकालते हुए पोस्ट डाल देते हैं लेकिन अनिमेष रॉय नाम के एक यूजर ने अपनी शिकायत की सुनवाई न होने पर Airtel Black नाम का डोमेन ही खरीद लिया। इसके बाद उन्होंने कंपनी को कोसने के लिए पूरी वेबसाइट तैयार की। इस वेबसाइट पर उन्होंने कंपनी के खिलाफ जी भरकर भड़ास निकाली है।
अनिमेष नाम के यूजर ने airtelblack.com नाम से पूरी वेबसाइट बनाई है। इस वेबसाइट को खोलते ही वे लिखते हैं कि देवियों और सज्जनों, आप इसके लिए अभी तैयार नहीं हैं। इसके बाद एक पेज खुलता है और Resolved शब्द को काटकर Ignored लिखा दिखता है। वेबसाइट का नाम उन्होंने ‘Airtel Blackout’ रखा है।
वेबसाइट पर Airtel के नाम पर कई कटाक्ष देखने को मिलते हैं। एक जगह वह लिखते हैं कि भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी में ‘1 Gbps’ की स्पीड से भी तेज अगर कुछ है, तो वह है आपकी शिकायत को बिना पढ़े बंद करने की रफ्तार।
इस वेबसाइट पर Airtel की सर्विस का बहुत मजाक बनाया गया है। इस वेबसाइट पर एक सेक्शन Ticket Roulette नाम से भी मिल जाता है। वह एक जगह लिखते हैं कि Airtel हर शिकायत पर एक नया SR नंबर देता है। इन्हें पोकेमॉन कार्ड की तरह इकट्ठा करते रहिए, क्योंकि कंपनी की बैकएंड टीम इनका कुछ नहीं करती। वे आगे कटाक्ष करते हैं कि एयरटेल का ऐप ‘Airtel Thanks’ इसलिए कहलाता है क्योंकि शिकायत करने पर वहां सिर्फ ‘थैंक्स’ मिलता है, समाधान नहीं।
इस वेबसाइट को अनिमेष ने बाकियों के लिए भी खुंदक निकालने का अड्डा बना दिया है। इस साइट पर एक कॉपी मग का आइकन बना है, जिस पर क्लिक करके आप अपनी आप बीती साझा कर सकते हैं। अनिमेष ने यहां लोगों से उन्हें एक कॉपी के पैसे देकर सपोर्ट जताने को कहा है। वह लिखते है कि Airtel तो मेरा ब्रॉडबैंड ठीक नहीं करेगा लेकिन आप मुझे एक कॉपी पिला कर सपोर्ट जता सकते हैं।
इस अनोखे मामले ने दिखा दिया है कि जब एक ग्राहक की बात नहीं सुनी जाती, तो वे किस कदर अपना गुस्सा जता सकता है।


